Print

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने हमास को दी धमकी, बोले- हथियार नहीं डाला तो सफाया हो जाएगा

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने हमास को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उसने हथियार नहीं छोड़े, तो उसे पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गाजा में विदेशी सैनिकों की तैनाती का निर्णय केवल इज़रायल ही करेगा।

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की योजना के अनुसार इजरायल और हमास के बीच पहले चरण में युद्ध विराम और बंधकों और कैदियों की रिहाई हो चुकी है

बता दें, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की योजना के अनुसार इजरायल और हमास के बीच पहले चरण में युद्ध विराम और बंधकों और कैदियों की रिहाई हो चुकी है। गाजा शांति योजना के तहत हमास को अपने हथियार डालने के साथ ही गाजा से बाहर जाना होगा। इसे लेकर अमेरिकी उपराष्ट्रपति का बयान सामने आया है।

हमास अगर सहयोग नहीं करता है, तो उसका सफाया हो जाएगा

गाजा के ठीक उत्तर में किरयात गत में मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए, उपराष्ट्रपति वेंस ने कहा कि अगर हमास समूह सहयोग करे तो उसे बख्शा जा सकता है। उन्होंने कहा, “अगर वह सहयोग नहीं करता है, तो हमास का सफाया हो जाएगा।” वेंस ने जोर देकर कहा कि व्हाइट हाउस विदेशी सैनिकों की मौजूदगी को लेकर इजरायल पर दबाव नहीं डालेगा, और इसे “इजरायलियों के लिए सहमत होने वाला मामला” बताया। उन्होंने आगे कहा कि तुर्की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

ट्रंप के पीस प्लान के तहत पहले चरण का काम पूरा हो चुका है, अब दूसरे चरण की संभावना पर काम चल रहा है

ट्रंप के पीस प्लान के तहत पहले चरण का काम पूरा हो चुका है; अब दूसरे चरण की संभावना पर काम चल रहा है। इस बीच अमेरिकी अधिकारी ने आगे आने वाली चुनौतियों को लेकर कहा, “क्या मैं 100 प्रतिशत निश्चितता के साथ कह सकता हूं कि यह काम करेगा? नहीं, लेकिन कोशिश करके मुश्किलें हल होती हैं।”

बंधकों और शवों की धीमी गति से बरामदगी पर निराशा जताई

उन्होंने बंधकों और शवों की धीमी गति से बरामदगी पर निराशा भी व्यक्त की। उन्होंने “थोड़ा धैर्य” रखने की अपील करते हुए कहा, “इनमें से कुछ बंधक हजारों पाउंड मलबे के नीचे दबे हुए हैं। कुछ बंधकों के बारे में तो किसी को पता ही नहीं है कि वे कहां हैं।”न्यूज एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, युद्ध विराम समझौते को उल्लंघन के परस्पर आरोपों के कारण चुनौतियों का सामना करना पड़ा है, लेकिन इजरायल और हमास दोनों ने सार्वजनिक रूप से अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की है।

अमेरिकी उपराष्ट्रपति मंगलवार को इजरायल पहुंचे

बता दें, अमेरिकी उपराष्ट्रपति मंगलवार को इजरायल पहुंचे हैं। ऐसे में उनके इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू सहित इजरायली नेताओं से मिलने की उम्मीद है। मिडिल ईस्ट में अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर, वेंस की यात्रा से पहले ही इजरायल में मौजूद थे।(इनपुट-आईएएनएस)