जेएम फाइनेंशियल की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, भारत के पैसेंजर वाहन बाजार में यूटिलिटी वाहन (UV) सेगमेंट का दबदबा लगातार बढ़ रहा है। वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक बिकने वाले हर 10 पैसेंजर वाहनों में से करीब 7 यूटिलिटी वाहन रहे हैं। यह सेगमेंट कुल ग्रोथ को आगे बढ़ाने में सबसे बड़ी भूमिका निभा रहा है।
सितंबर और वित्त वर्ष की ग्रोथ
सितंबर 2026 में घरेलू पैसेंजर वाहनों की बिक्री में सालाना आधार पर 22 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, जबकि अप्रैल-सितंबर 2026 के दौरान कुल ग्रोथ 28 प्रतिशत रही। इस वृद्धि में यूटिलिटी वाहनों का योगदान सबसे अधिक रहा। इस अवधि में यूटिलिटी वाहनों की बिक्री में 31 प्रतिशत की तेजी आई, जबकि कारों की बिक्री 23 प्रतिशत बढ़ी। रिपोर्ट में कहा गया है कि लगातार बेहतर प्रदर्शन के कारण पैसेंजर वाहनों में UV की हिस्सेदारी सितंबर 2025 के लगभग 67 प्रतिशत से बढ़कर सितंबर 2026 में करीब 69 प्रतिशत हो गई है। वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक यह आंकड़ा लगभग 68 प्रतिशत पहुंच चुका है।
टू-व्हीलर और कमर्शियल वाहन का रुझान
टू-व्हीलर बाजार में भी मांग बनी रही। सितंबर 2026 में ICE टू-व्हीलर्स की बिक्री 11 प्रतिशत बढ़ी, जबकि अप्रैल-सितंबर में 13 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई। स्कूटरों का प्रदर्शन बेहतर रहा (YTD 19 प्रतिशत), जबकि मोटरसाइकिलों में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। 150cc से अधिक क्षमता वाले मॉडल मुख्य ड्राइवर बने। कमर्शियल वाहन सेगमेंट में भी मजबूत मांग दिखी। वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में घरेलू बिक्री 29 प्रतिशत बढ़ी और साल की शुरुआत से अब तक 24 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
चुनौतियां और भविष्य की संभावनाएं
रिपोर्ट में ऑटो निर्माताओं के लिए बढ़ती इनपुट लागत को बड़ी चिंता बताया गया है। पश्चिम एशिया में संघर्ष फिर शुरू होने से लागत दबाव बना हुआ है, जो मार्जिन में बढ़ोतरी को सीमित कर सकता है। अधिकांश OEMs के पास त्योहारी सीजन से पहले एक महीने से भी कम चैनल इन्वेंट्री बची है। इससे चौथी तिमाही में डिस्पैच में तेजी आने की संभावना है। रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में मांग मजबूत बनी रह सकती है, हालांकि ग्रोथ रेट में कुछ नरमी आ सकती है। यूटिलिटी वाहनों की बढ़ती हिस्सेदारी भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार की प्रमुख विशेषता बन गई है। (इनपुट-एजेंसी)


