एआई से रिएक्टिव नहीं, प्रोएक्टिव शासन की ओर बढ़ रहा उत्तर प्रदेश: सीएम योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आज शासन को रिएक्टिव से प्रोएक्टिव बनाने का सशक्त माध्यम बन रही है। उन्होंने कहा कि तकनीक जब संवेदना से जुड़ती है, नीति जब नवाचार से संचालित होती है और शासन जब विश्वास पर आधारित होता है, तभी विकास समावेशी बनता है और भविष्य सुरक्षित होता है।

‘एआई इन ट्रांसफॉर्मिंग हेल्थकेयर’ कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ में ‘एआई इन ट्रांसफॉर्मिंग हेल्थकेयर’ विषय पर आयोजित दो दिवसीय कॉन्फ्रेंस के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में एआई के प्रयोग से नीतियों को अधिक सटीक और प्रभावी बनाया जा सकता है।

स्वास्थ्य सेवाओं में एआई से बेहतर नीति और बेहतर परिणाम

मुख्यमंत्री ने कहा कि एआई के उपयोग से महामारियों और वेक्टर जनित रोगों से जुड़े डेटा का बेहतर कलेक्शन, विश्लेषण और फीडबैक संभव है। इससे बेहतर निर्णय, बेहतर नीति और बेहतर परिणाम सुनिश्चित किए जा सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं में तकनीकी उन्नयन और नई तकनीक के प्रयोग को लगातार प्रोत्साहित कर रही है।

यूपी एआई मिशन के तहत 2000 करोड़ रुपए के कार्यक्रम

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि यूपी एआई मिशन के तहत प्रदेश को स्वास्थ्य सेवाओं में एआई के प्रयोग में देश का अग्रणी राज्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अंतर्गत अगले तीन वर्षों में लगभग 2000 करोड़ रुपए के कार्यक्रम चरणबद्ध रूप से लागू किए जाएंगे।

एआई इकोसिस्टम के निर्माण पर तेजी से काम

उन्होंने बताया कि प्रदेश में मेडिकल डिवाइस पार्क, फार्मा पार्क, लखनऊ में मेडिटेक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, गौतम बुद्ध नगर में एआई और इनोवेशन आधारित उद्यमिता केंद्र, आईआईटी कानपुर में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस तथा लखनऊ को एआई सिटी के रूप में विकसित करने का कार्य प्रगति पर है।

तकनीक से शासन और कल्याण योजनाओं में पारदर्शिता

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में तकनीक का प्रभाव देश में जमीनी स्तर पर दिखा है। उत्तर प्रदेश में भी बीते आठ वर्षों में डबल इंजन सरकार ने आधुनिक तकनीक के माध्यम से शासन और वेलफेयर योजनाओं को अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाया है।

पीडीएस में सुधार, फर्जी राशन कार्ड खत्म

उन्होंने बताया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में 80,000 दुकानों पर ई-पॉस मशीनें लगाई गईं। वर्ष 2017 से पहले बनाए गए 30 लाख फर्जी राशन कार्ड चिन्हित कर हटाए गए, जिससे पात्र लाभार्थियों तक योजना का लाभ पहुंचा। आज सार्वजनिक राशन वितरण प्रणाली में शिकायतें लगभग शून्य स्तर पर हैं।

डीबीटी से 1 करोड़ 6 लाख परिवारों को सीधा लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि डीबीटी और डिजिटल ट्रांजेक्शन के माध्यम से प्रदेश में 1 करोड़ 6 लाख परिवारों को वृद्धावस्था, निराश्रित महिला और दिव्यांगजन पेंशन सीधे उनके बैंक खातों में दी जा रही है, जिससे योजनाओं का सौ प्रतिशत लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंच रहा है।

स्वास्थ्य ढांचे में ऐतिहासिक विस्तार

प्रदेश की स्वास्थ्य संरचना पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में 40 मेडिकल कॉलेज थे, जो अब बढ़कर 81 हो चुके हैं, जबकि दो एम्स भी संचालित हैं।

हर जनपद में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं

उन्होंने बताया कि कोविड-19 से पहले कई जिलों में आईसीयू, ऑक्सीजन प्लांट, डायलिसिस, ब्लड बैंक और डिजिटल डायग्नोस्टिक सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं, लेकिन आज ये सुविधाएं हर जनपद में मौजूद हैं। वर्चुअल आईसीयू और टेलीमेडिसिन सेवाओं से दूर-दराज के क्षेत्रों के लोगों को भी लाभ मिल रहा है।

इंसेफेलाइटिस से मौतें शून्य, स्वास्थ्य में सुधार

योगी ने कहा कि जिस इंसेफेलाइटिस से पहले हर वर्ष 1200-1500 बच्चों की मृत्यु होती थी, आज उससे होने वाली मौतें शून्य हैं। मातृ मृत्यु दर, शिशु मृत्यु दर और संस्थागत प्रसव के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

टीबी उन्मूलन और अन्य क्षेत्रों में भी एआई का उपयोग

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि टीबी उन्मूलन की दिशा में एआई आधारित टूल्स के जरिए रोगियों और जोखिम क्षेत्रों की पहचान, उपचार और निगरानी को प्रभावी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि एआई का उपयोग स्वास्थ्य के साथ-साथ आधुनिक पुलिसिंग, कृषि, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में भी किया जा रहा है।

व्यावहारिक समाधान और पायलट प्रोजेक्ट्स की उम्मीद

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह सम्मेलन व्यावहारिक समाधानों, पायलट परियोजनाओं और समयबद्ध कार्ययोजना की दिशा में ठोस परिणाम देगा और स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति तक और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगा। (इनपुट: आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

9 hours ago

Gold-Silver Price: घनतेरस पर सोने और चांदी हुए सस्ते; कीमतें करीब 4,500 रुपए तक घटीं

घनतेरस के मौके पर सोने और चांदी की कीमतों शुक्रवार को गिरावट देखने को मिली है। इससे दोनों कीमती ...

9 hours ago

ECMS के तहत 12 नए प्रोजेक्ट्स को मंजूरी, 7,500 करोड़ रुपए से अधिक का निवेश

आईटी सचिव एस. कृष्णन ने शुक्रवार को बताया कि केंद्र सरकार ने 'इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट्स मैन्यु...

12 hours ago | Environmental Impact of War

युद्ध की भेंट चढ़ता पर्यावरण : प्रकृति की रक्षा के लिए दुनिया को एकजुट होने की जरूरत

 युद्ध के दौरान जंगल, नदियां, मिट्टी और जैव विविधता नष्ट होती हैं, जिसका असर पीढ़ियों तक रहता है...