पश्चिम बंगाल को बड़ी सौगात, PM मोदी करेंगे 3,200 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 दिसंबर को पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे। इस दौरान वह सुबह करीब 11:15 बजे पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के राणाघाट में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री लगभग 3,200 करोड़ रुपये की लागत वाली दो राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

प्रधानमंत्री नादिया जिले में एनएच-34 के बराजागुली–कृष्णनगर सेक्शन के 66.7 किलोमीटर लंबे फोर-लेन कार्य का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही वह उत्तर 24 परगना जिले में एनएच-34 के बरासात–बराजागुली सेक्शन के 17.6 किलोमीटर लंबे फोर-लेन कार्य की आधारशिला भी रखेंगे।

ये दोनों परियोजनाएं कोलकाता और सिलीगुड़ी के बीच एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग के रूप में काम करेंगी। इनसे यात्रा समय में लगभग 2 घंटे की कमी आएगी और वाहनों की आवाजाही और अधिक तेज व सुगम होगी। इससे ट्रैफिक बाधाओं में कमी आएगी, वाहनों के संचालन की लागत घटेगी और कोलकाता का पश्चिम बंगाल के अन्य जिलों के साथ-साथ पड़ोसी देशों से संपर्क भी बेहतर होगा।

इन परियोजनाओं से क्षेत्र में आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा और पूरे इलाके में पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।

-पीआईबी