योगी सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के अनुपूरक बजट में आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के सफल और सुचारू आयोजन के लिए 200 करोड़ रुपए की अतिरिक्त धनराशि का प्रावधान किया है। पंचायती राज विभाग से जुड़े इस प्रस्ताव का उद्देश्य चुनावी तैयारियों को समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी बनाना है।
ग्रामीण लोकतंत्र को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल
योगी सरकार के इस कदम को ग्रामीण लोकतंत्र को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार ने न केवल चुनावी प्रक्रिया, बल्कि पंचायतों से जुड़े बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की भी रूपरेखा तैयार की है।
पंचायतों के सशक्तिकरण पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर सरकार पंचायतों के सशक्तिकरण पर विशेष जोर दे रही है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं के लिए अनुपूरक बजट 2025-26 के अंतर्गत 200 करोड़ रुपए का अतिरिक्त प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यालय भवन के निर्माण के लिए 24.50 करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि का भी प्रावधान किया गया है।
ग्रामीण हिस्सों में पंचायत उत्सव भवन या बारात घर के निर्माण पर भी योगी सरकार का विशेष ध्यान
प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण हिस्सों में पंचायत उत्सव भवन या बारात घर के निर्माण पर भी योगी सरकार का विशेष ध्यान है। इसके लिए प्रतीकात्मक राशि के रूप में एक लाख रुपए का प्रावधान किया गया है। आवश्यक धनराशि की व्यवस्था बचत मद से की जाएगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक गतिविधियों को मिलेगा नया स्थान और लोकतांत्रिक प्रक्रिया होगी अधिक सुदृढ़
वहीं, जिला पंचायत शाहजहांपुर में भवन निर्माण के लिए एक करोड़ रुपए का प्रस्ताव रखा गया है। योगी सरकार का मानना है कि इन प्रावधानों से पंचायत स्तर पर प्रशासनिक क्षमता में वृद्धि होगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक गतिविधियों को नया स्थान मिलेगा और लोकतांत्रिक प्रक्रिया और अधिक सुदृढ़ होगी। अनुपूरक बजट से ग्रामीण विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। (इनपुट: आईएएनएस)


