मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘सड़क सुरक्षा मित्र’ कार्यक्रम और ‘राहवीर’ योजना को गति दी जा रही है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद दोनों योजनाओं के तहत प्रदेश के सभी जनपदों में सक्रियता बढ़ाई गई है।
योजनाओं का मुख्य उद्देश्य दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित सहायता तथा समय पर चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराना है
इन योजनाओं का उद्देश्य युवाओं में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना और दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित सहायता तथा समय पर चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराना है। इससे एक ओर सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में प्रभावी कमी लाने का प्रयास किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर दुर्घटना की स्थिति में होने वाली मौतों को कम करना लक्ष्य है। योजनाओं की निगरानी की जिम्मेदारी जिला सड़क सुरक्षा समितियों को सौंपी गई है, ताकि सड़क सुरक्षा को जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।
केंद्र सरकार का ‘सड़क सुरक्षा मित्र’ कार्यक्रम वर्तमान में प्रदेश के 28 जनपदों में संचालित
केंद्र सरकार का ‘सड़क सुरक्षा मित्र’ कार्यक्रम वर्तमान में प्रदेश के 28 जनपदों में संचालित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम युवाओं को सड़क सुरक्षा अभियानों में सक्रिय भागीदार बनाने पर केंद्रित है। इसके तहत अब तक उत्तर प्रदेश में 423 युवा स्वयंसेवकों ने ‘माय भारत’ पोर्टल पर पंजीकरण कराया है और वे प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। राज्य लोक सेवा फाउंडेशन द्वारा गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) में पहला प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें स्वयंसेवकों को सड़क सुरक्षा नियमों, दुर्घटना प्रबंधन और जन-जागरूकता अभियानों का प्रशिक्षण दिया गया।
14 लाख रुपए का बजट स्वीकृत
इस कार्यक्रम के लिए 14 लाख रुपए का बजट स्वीकृत किया गया है, जिसमें 28 जनपदों के लिए प्रति जनपद 50,000 रुपए का प्रावधान किया गया है। यह राशि सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण, जागरूकता कार्यक्रमों और क्षेत्रीय गतिविधियों में खर्च की जाएगी। ‘सड़क सुरक्षा मित्र’ कार्यक्रम के प्रभावी संचालन से प्रदेश में न केवल सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है, बल्कि युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना भी विकसित होगी।
‘राहवीर’ योजना दुर्घटना के बाद के पहले एक घंटे में त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर केंद्रित
‘राहवीर’ योजना सड़क दुर्घटनाओं के ‘गोल्डन आवर’ दुर्घटना के बाद के पहले एक घंटे में त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर केंद्रित है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय द्वारा शुरू की गई इस योजना का उद्देश्य आम नागरिकों को दुर्घटना पीड़ितों की तत्काल सहायता के लिए प्रेरित करना है। योजना के तहत, जो ‘राहवीर’ पीड़ित को गोल्डन आवर में अस्पताल पहुंचाता है, उसे 25,000 रुपए का पुरस्कार प्रदान किया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर को कम करना है। प्रत्येक जनपद में सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को इस योजना का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
इस योजना के तहत अब तक पांच ‘राहवीर’ चयनित
उत्तर प्रदेश में इस योजना के तहत अब तक पांच ‘राहवीर’ चयनित किए जा चुके हैं, जो बस्ती, कौशांबी, सीतापुर, अलीगढ़ और कासगंज जनपदों से संबंधित हैं। ये योजनाएं सबसे अधिक हाईवे और विस्तृत सड़क नेटवर्क वाले उत्तर प्रदेश में सड़क सुरक्षा को नया आयाम दे रही हैं।
योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में राज्य परिवहन विभाग ने आगामी महीनों में और अधिक प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने की योजना बनाई है
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में राज्य परिवहन विभाग ने आगामी महीनों में और अधिक प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने की योजना बनाई है। साथ ही नागरिकों, विशेषकर युवाओं, से अपील की गई है कि वे इन योजनाओं में सक्रिय भागीदारी करें और प्रदेश की सड़कों को सुरक्षित बनाने में सहयोग दें। (इनपुट: आईएएनएस)


