02/03/26 | 9:27 pm

Print

युवा संगम: छठे चरण के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू, विविधता में एकता को समझने का अवसर

केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने युवा संगम के छठे चरण के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया है। यह कार्यक्रम ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ पहल के तहत चलाया जा रहा है। मंत्रालय ने देशभर के युवाओं से इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।

दरअसल, युवा संगम एक ऐसा कार्यक्रम है, जिसमें एक राज्य के युवाओं को दूसरे राज्य में जाने का अवसर मिलता है, ताकि वे वहां की संस्कृति, खान-पान, रहन-सहन, विकास कार्य और शिक्षा व्यवस्था को करीब से देख सकें। इसका मकसद है कि देश के अलग-अलग हिस्सों के युवा एक-दूसरे को समझें, जुड़ें और विविधता में एकता की भावना मजबूत हो। 18 से 30 साल तक के युवा इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। चाहे आप कॉलेज के छात्र हों, एनएसएस या नेहरू युवा केंद्र से जुड़े हों या फिर युवा पेशेवर हों, सभी को मौका दिया जा रहा है। इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

पिछले, यानी पांचवें चरण में, 46000 से ज्यादा रजिस्ट्रेशन किए गए थे। यह दिखाता है कि युवाओं में इस कार्यक्रम को लेकर काफी उत्साह है। वर्ष 2022 में पायलट चरण से शुरुआत होने के बाद अब तक इसके अंतर्गत 6000 से ज्यादा युवा अलग-अलग राज्यों का दौरा कर चुके हैं और नए अनुभव लेकर लौटे हैं। केन्द्रीय शिक्षा मंत्रालय के अनुसार इस बार देश के 22 बड़े उच्च शिक्षण संस्थानों को नोडल संस्थान बनाया गया है। चुने गए प्रतिभागियों को अपने जोड़ीदार राज्य में 5 से 7 दिन के शैक्षणिक और सांस्कृतिक दौरे पर भेजा जाएगा।

इस दौरान वे वहां की ऐतिहासिक जगहें देखेंगे, स्थानीय लोगों से मिलेंगे, विकास परियोजनाओं को समझेंगे और तकनीकी संस्थानों का भी दौरा करेंगे। पूरा कार्यक्रम 5 मुख्य विषयों पर आधारित है: इनमें पर्यटन, परंपरा, प्रगति, पारस्परिक संपर्क और प्रौद्योगिकी। यानी युवाओं को सिर्फ घूमने का मौका नहीं मिलेगा, बल्कि वे उस राज्य की असली तस्वीर को समझ पाएंगे और वहां की संस्कृति और विकास को जानेंगे। यानी युवा संगम केवल एक भ्रमण या टूर नहीं है, बल्कि देश को करीब से जानने और महसूस करने का मौका है।

ऐसे युवा जो भारत को समझना चाहते हैं, नए लोगों से जुड़ना चाहते हैं और अलग-अलग संस्कृतियों का अनुभव लेना चाहते हैं, उनके लिए यह एक अवसर है।

RELATED ARTICLES

16 mins ago | Brazil

20 साल बाद वैश्विक अर्थव्यवस्था का नया शक्ति केंद्र बन रहा BRICS 

गोल्डमैन सैक्स द्वारा दिए गए एक संक्षिप्त नाम से शुरू हुआ BRICS अब दो दशक बाद वैश्विक अर्थव्यवस्था...

30 mins ago | Heathrow Airport Disruption

ब्रिटेन में एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम ठप, एक हजार से ज्यादा उड़ानें रद्द

ब्रिटेन में एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेवाओं में आई तकनीकी खराबी के कारण पूरे देश में एक हजार से अधिक ...