प्रतिक्रिया | Saturday, July 27, 2024

17/03/24 | 5:31 pm

अरुणाचल और सिक्किम विधानसभा चुनाव के नतीजों की तारीखों में बदलाव, अब दो जून को होगी मतगणना

चुनाव आयोग ने रविवार को सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में मतगणना की तारीखों में बदलाव किया है। इन राज्यों के विधानसभा चुनाव की मतगणना 4 जून की बजाय 2 जून को होगी।

चुनाव आयोग के मुताबिक दोनों राज्यों की विधानसभा का कार्यकाल 2 जून को ही पूरा होने जा रहा है। इसे देखते हुए तारीखों में बदलाव किया गया है। चुनाव आयोग को विधानसभा का कार्यकाल पूरा होने से पहले चुनाव प्रक्रिया पूरी कर लेनी जरूरी है।

चुनाव आयोग ने शनिवार को लोकसभा चुनाव के साथ चार राज्यों- आंध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया था। अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में लोकसभा चुनाव के पहले चरण के साथ 19 अप्रैल को मतदान होगा।

उल्लेखनीय है कि मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) राजीव कुमार ने शनिवार को लोकसभा चुनाव और चार राज्यों के विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा कर दी है। इस बार लोकसभा चुनाव 19 अप्रैल से 1 जून के बीच सात चरणों में होंगे और 4 जून को वोटों की गिनती होगी। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही देश में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
(इनपुट- हिन्दुस्थान समाचार)

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 5536857
आखरी अपडेट: 27th Jul 2024