22/11/23 | 3:51 pm

Print

आईसीसी की ताजा वनडे रैंकिंग में शुभमन गिल शीर्ष पर बरकरार, टॉप-4 में तीन भारतीय खिलाड़ी

विश्व कप के समापन के बाद आईसीसी ने पहली वनडे रैंकिंग जारी कर दी है। इसमें भारत के खिलाड़ियों को जबरदस्त फायदा हुआ है। टीम इंडिया के तीन बल्लेबाज शीर्ष चार में शामिल हैं। पहले स्थान पर टीम इंडिया के ओपनर शुभमन गिल और दूसरे पर पाकिस्तान के बल्लेबाज बाबर आजम हैं। भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली तीसरे स्थान पर आ गये हैं। वहीं, रोहित शर्मा ने चौथा स्थान हासिल कर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। विराट कोहली ने विश्व कप में 765 रन बनाए थे। इससे उन्हें एक स्थान का फायदा हुआ। वह अब शीर्ष पर काबिज शुभमन से सिर्फ 35 रेटिंग पॉइंट पीछे हैं।

शुभमन गिल के 826 रेटिंग पॉइंट हैं। उन्हें बाबर आजम के ऊपर मामूली बढ़त मिली हुई है। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान के खाते में 824 रेटिंग पॉइंट हैं। कोहली के 791 और रोहित शर्मा के 769 रेटिंग पॉइंट हैं। कोहली ने विश्व कप में तीन शतक लगाए। उन्होंने वनडे में सचिन तेंदुलकर के सबसे ज्यादा 49 शतकों के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया। वहीं, रोहित शर्मा ने टूर्नामेंट में टीम के लिए 597 रन बनाए। शुभमन गिल ने 354 और बाबर आजम ने 320 रन बनाए।

1258 दिनों तक शीर्ष पर बरकरार थे विराट कोहली

कोहली ने 2017 और 2021 के बीच 1258 दिनों तक नंबर एक स्थान पर थे। हाल के वर्षों में बाबर ने शीर्ष पर अधिकांश समय बिताया, बाद में शुभमन गिल अच्छे परफारमेंस की बदौलत रैकिंग में पहला स्थान हासिल कर लिया था। दक्षिण अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक वनडे रैंकिंग में दो स्थान फिसलकर पांचवें स्थान पर आ गए हैं । वहीं, न्यूजीलैंड के दाएं हाथ के डेरिल मिचेल विश्व कप में अपने 552 रनों के दम पर पांच स्थान ऊपर उठकर छठे स्थान पर पहुंच गए हैं।

ट्रेविस हेड ने वनडे रैंकिंग में लगाई लम्बी छलांग 

वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में सबसे बड़ा फायदा ट्रेविस हेड का हुआ। ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज ने विश्व कप फाइनल में शतक लगाया था। वे 28 स्थानों की छलांग के साथ 15वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

गेंदबाजी में केशव महाराज पहले स्थान पर काबिज

गेंदबाजों की रैंकिंग में दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर केशव महाराज शीर्ष पर बने हुए हैं। ऑस्ट्रेलिया के कई खिलाड़ियों ने अपने सफल विश्व कप अभियान के बाद कुछ अच्छी स्थिति बनाई है। अनुभवी तेज गेंदबाजों में जोश हेजलवुड चार पायदान ऊपर चढ़कर दूसरे स्थान पर, जबकि उनके साथी तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क आठ पायदान ऊपर चढ़कर 12वें स्थान पर हैं, आस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस सात पायदान ऊपर चढ़कर 27वें स्थान पर आ गए हैं।

कुलदीप यादव को हुआ नुकसान

मोहम्मद सिराज तीसरे और जसप्रीत बुमराह चौथे स्थान पर काबिज हैं। वहीं,उनके साथी कुलदीप यादव एक स्थान गिरकर छठे स्थान पर आ गए हैं। विश्व कप के समापन पर ऑलराउंडरों की वनडे रैंकिंग के शीर्ष 10 में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है। बांग्लादेश के अनुभवी शाकिब अल हसन शीर्ष पर अच्छी बढ़त बनाए हुए हैं। न्यूजीलैंड के मिचेल सेंटनर दो स्थान गिरकर सातवें स्थान पर और बांग्लादेश के मेहदी हसन मिराज दो स्थान ऊपर चढ़कर नौवें स्थान पर पहुंच गए।