07/03/24 | 5:28 pm

Print

एनएचपीसी और कोचीन शिपयार्ड ने सरकार काे पहुंचाया 1015 करोड़ रुपये का फायदा

सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली कंपनी नेशनल हाइड्रोइलेक्ट्रिक पाॅवर कारपोरेशन (एनएचपीसी) लिमिटेड और कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड (सीएसएल) से केंद्र सरकार को लाभांश के रूप में 1015 करोड़ रुपये मिले हैं। इसमें एनएचपीसी ने क्रमशः लगभग 948 करोड़ रुपये और कोचीन शिपयार्ड ने 67 करोड़ रुपये का भुगतान किया है।

वित्त मंत्रालय के निवेश और लोक परिसंपत्ति प्रबंधन विभाग के सचिव तुहिन कांत पांडेय ने गुरुवार को 'एक्स' पोस्ट पर जारी बयान में यह जानकारी दी है। तुहिन कांत ने बताया कि सरकार को एनएचपीसी लिमिटेड से लगभग 948 करोड़ रुपये और कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड से करीब 67 करोड़ रुपये लाभांश किश्त के रूप में प्राप्त हुए हैं।

भारत का सबसे बड़ा जल विद्युत विकास संगठन है एनएचपीसी लिमिटेड

उल्लेखनीय है कि सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली कंपनी एनएचपीसी लिमिटेड भारत का सबसे बड़ा जल विद्युत विकास संगठन है। इसमें जल विद्युत परियोजनाओं की अवधारणा से चालू होने तक सभी गतिविधियों को संचालित करने की क्षमता है। 

देश का सबसे बड़ा शिपयार्ड है कोचीन शिपयार्ड 

कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड देश का सबसे बड़ा शिपयार्ड है। कोचीन शिपयार्ड, केरल के कोच्चि शहर में स्थित है, जो पोत प्रांगण, जहाज़ निर्माण,जहाज़ डिज़ाइनिंग,और जहाज की मरम्मत से जुड़ा हआ है।