प्रतिक्रिया | Saturday, July 27, 2024

01/11/23 | 12:08 pm

कमर्शियल गैस सिलेंडर 102 रुपये तक हुआ महंगा, दो महीनों में दूसरी बार बढ़े दाम

दीपावली से पहले तेल एवं गैस विपणन कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी गैस की कीमत में 101.50 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की है। हालांकि, घरेलू रसोई गैस के मूल्य में कोई बदलाव नहीं किया गया है। नई दर बुधवार से लागू हो गई है। 

कमर्शियल सिलेंडर का अब क्या है दाम ?

इंडियन ऑयल की वेबसाइट के मुताबिक इस बढ़ोतरी के बाद राजधानी दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर का दाम 1,731 रुपये से बढ़कर 1,833 रुपये हो गया है। मुंबई में इसकी कीमत 1,684 रुपये से बढ़कर 1,785.50 रुपये प्रति सिलेंडर हो गई है। कोलकाता में यह 1,839.50 रुपये से बढ़कर 1,943 रुपये और चेन्नई में यह 1,898 रुपये की बजाय 1999.50 रुपये में मिलेगा।  

पिछले एक महीने में 300 रुपये से ज्यादा की बढ़ोतरी

उल्लेखनीय है कि पिछले एक महीने के भीतर कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 300 रुपये से ज्यादा की बढ़ोतरी की गई है। एक अक्टूबर को कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 209 रुपये का इजाफा किया गया था। अब ठीक एक महीने बाद एक नवंबर को फिर से इसमें बढ़ोतरी की गई है। 

कमर्शियल गैस सिलेंडर का इस्तेमाल 

घरेलू गैस सिलेंडर का इस्तेमाल जहां घर में खाना पकाने इत्यादि में किया जाता है, वहीं कमर्शियल सिलेंडर का इस्तेमाल होटल, रेस्तरां और दुकानों इत्यादि में किया जाता है। इसी वजह से इन्हें कमर्शियल सिलेंडर कहा जाता है। 

घरेलू गैस सिलेंडर और कमर्शियल गैस सिलेंडर में अंतर

कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर आमतौर पर घरेलू गैस सिलेंडर से महंगे होते हैं। यह आकार में भी घरेलू गैस सिलेंडर से बड़े होते हैं। वजन के हिसाब से भी ये अलग होते हैं। घरेलू सिलेंडर में 14.2 किलो वजन में आते हैं तो कमर्शियल सिलेंडर 19 किलो और 47.5 किलो वजन तक के आते हैं। घरेलू सिलेंडर पूरा लाल रंग का होता है जबकि कमर्शियल सिलेंडर नीले रंग का होता है। घरेलू गैस पर सब्सिडी मिलती है जबकि कमर्शियल गैस पर सब्सिडी नहीं दी जाती है। 

जेब पर क्या होगा असर ? 

कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से फूड डिलीवरी से लेकर रेस्तरां और होटलों में मिलने वाले खाने के दाम पर इसका असर पड़ता है। ऐसी स्थिति में रेस्तरां, होटल में मिलने वाला फूड महंगा हो जाता है। वहीं शादी-ब्याह के सीजन में कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ते हैं तो शादी के बजट पर भी इसका खासा असर पड़ सकता है। शादी-ब्याह जैसे आयोजनों में कमर्शियल सिलेंडर का ही इस्तेमाल होने का नियम है।

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 5537191
आखरी अपडेट: 27th Jul 2024