प्रतिक्रिया | Saturday, July 27, 2024

कांग्रेस ने 45 उम्मीदवारों चौथी लिस्ट जारी किया; दिग्विजय सिंह को राजगढ़ से, अजय राय को बनारस से टिकट

लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने शनिवार (23 मार्च) देर रात चौथी लिस्ट जारी कर दिया है। इसमें 11 राज्य और 2 केंद्र शासित प्रदेश के 45 नाम हैं। इस लिस्ट में राजस्थान की 3 में से एक सीट नागौर की है। इसे कांग्रेस ने अपनी सहयोगी पार्टी आरएलपी के लिए छोड़ दिया है।

गौरतलब हो कि कांग्रेस ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए अब तक 183 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। मध्य प्रदेश में दिग्विजय सिंह को राजगढ़ से टिकट दी गई है। वहीं वाराणसी से पीएम मोदी के खिलाफ अजय राय को उतारा गया है।

मध्यप्रदेश: 33 साल बाद राजगढ़ से चुनाव लड़ेंगे दिग्विजय सिंह

मध्यप्रदेश में प्रत्याशियों की यह दूसरी लिस्ट है। राजगढ़ सीट से पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह प्रत्याशी बनाया गया है। वे 2019 का लोकसभा चुनाव भोपाल से हार गए थे। रतलाम से कांतिलाल भूरिया चुनाव लड़ेंगे। इंदौर अक्षय कांति बम को टिकट दिया गया है, जबकि भोपाल से अरुण श्रीवास्तव के नाम पर मुहर लगी है।

राज्य में लोकसभा की 29 सीटें हैं। कांग्रेस ने अब तक दो बार में 22 सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए हैं। 6 सीटें अब भी होल्ड हैं। इनमें गुना, विदिशा, ग्वालियर, मुरैना, खंडवा और दमोह सीट शामिल हैं। कांग्रेस ने खजुराहो सीट सपा के लिए छोड़ी है।

उत्तरप्रदेश: पहली बार कांग्रेस ने राज्य में प्रत्याशियों की लिस्ट जारी की

वाराणसी से अजय राय, देवरिया से अखिलेश प्रताप सिंह, सहारनपुर से इमरान मसूद, अमरोहा से दानिश अली को टिकट दिया है। I.N.D.I गठबंधन के तहत सपा और कांग्रेस में समझौता हुआ है। 80 में से 17 सीटों पर कांग्रेस चुनाव लड़ रही है। वहीं, सपा 63 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

राजस्थान: नागौर सीट बेनीवाल की पार्टी के लिए छोड़ी
राज्य में लोकसभा की 25 सीटें हैं। कांग्रेस अब तक तीन बार 17 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार चुकी है, जबकि दो सीट गठबंधन में छोड़ चुकी है। अब 6 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा होना बाकी है। इससे पहले सीकर सीट सीपीएम के लिए छोड़ चुकी है।

छत्तीसगढ़ में 7 सीटों पर प्रत्याशी उतारे, 4 पर बाकी

राज्य में कुल 11 सीटें हैं। कांग्रेस अब तक 7 सीटों पर उम्मीदवार का ऐलान कर चुकी है। चौथी लिस्ट में बस्तर से कवासी लखमा को उतारा है। इस सीट पर उनका मुकाबला बीजेपी के महेश कश्यप से होगा। कांग्रेस ने पहली लिस्ट में रायपुर और राजनांदगांव समेत 6 सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान किया गया था। अब महज चार सीट पर ऐलान होना बाकी है।

तमिलनाडु: कांग्रेस की चौथी लिस्ट में 7 कैंडिडेट
राज्य में लोकसभा की कुल 39 सीटें हैं। कांग्रेस ने चौथी लिस्ट में 7 कैंडिडेट के नाम घोषित किए हैं। शिवगंगा सीट से कांग्रेस के कार्ति पी चिदंबरम का बीजेपी के देवनंथन यादव से मुकाबला होगा। अभी तक तमिलनाडु में बीजेपी 23 नामों का ऐलान कर चुकी है। पार्टी ने अपनी चौथी लिस्ट में 14 और तीसरी लिस्ट में 9 नाम जारी किए थे।

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 5530202
आखरी अपडेट: 26th Jul 2024