प्रतिक्रिया | Wednesday, July 16, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

05/10/23 | 2:57 pm

printer

केंद्र सरकार ने धान की खरीद की शुरू, MSP पर 12.21 लाख टन धान खरीदा 

केंद्र सरकार ने धान की खरीद शुरू कर दी है। इसी क्रम में सरकार ने किसानों से अब तक न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी एमएसपी पर करीब 12.21 लाख टन धान खरीदा है। सरकार के इस कदम से 99,675 किसानों को 2,689.77 करोड़ रुपए का फायदा हुआ है।

तमिलनाडु, पंजाब और हरियाणा के किसानों को मिला लाभ  

इस संबंध में खाद्य मंत्रालय ने गुरुवार को जारी बयान में बताया कि तमिलनाडु, पंजाब और हरियाणा राज्य में किसानों से 12.21 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की गई है। 

पिछले हफ्ते हुई थी धान की कटाई की शुरुआत 

मंत्रालय ने यह भी कहा कि खरीफ विपणन मौसम (केएमएस) 2023-24 में तीन अक्टूबर तक 99,675 किसानों से एमएसपी पर 2,689.77 करोड़ रुपये का धान खरीदा गया है। दरअसल इस वर्ष आमतौर से थोड़े अधिक क्षेत्रफल 411.96 लाख हेक्टेयर में बोए गए धान की कटाई की शुरुआत पिछले हफ्ते हुई थी।

किसानों के हितों की रक्षा के लिए MSP पर खरीद की शुरू 

भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) और राज्य एजेंसियों ने ‘बफर स्टॉक’ का भंडार रखने के साथ-साथ किसानों के हितों की रक्षा के लिए एमएसपी पर खरीद शुरू की है। मंत्रालय ने मौजूदा सीजन में 521.27 लाख टन की खरीद का लक्ष्य रखा है, जबकि पिछले साल के समान सीजन में वास्तविक खरीद 496 लाख टन रही थी।

उल्लेखनीय है कि हाल के वर्षों में, केंद्र सरकार लगातार उच्च न्यूनतम समर्थन मूल्य की पेशकश करके दलहनों, तिलहनों और अन्य पोषक धान्य/श्री अन्न जैसे अनाजों के अलावा कई फसलों की खेती को बढ़ावा दे रही है। इसके अतिरिक्त, सरकार ने किसानों को उनकी फसलों में विविधता लाने के उद्देश्य से प्रोत्साहित करने के लिए राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (आरकेवीवाई), राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (एनएफएसएम) जैसी विभिन्न योजनाएं एवं गतिविधियां भी शुरू की हैं।

आगंतुकों: 33210942
आखरी अपडेट: 16th Jul 2025