02/11/23 | 9:04 pm

Print

क्रिकेट विश्वकप 2023: भारत ने किया सेमीफाइनल में प्रवेश, श्रीलंका को 302 रनों से हराया

क्रिकेट विश्वकप 2023 में गुरुवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 302 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया है। टीम इंडिया ने विश्वकप में अपना विजयरथ जारी रखते हुए लगातार सातवीं जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारत 14 अंकों के साथ विश्वकप 2023 के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। 

भारत ने बनाए 357 रन

भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। कप्तान रोहित शर्मा को पारी की दूसरी ही गेंद पर दिलशान मदुशंका ने क्लीन बोल्ड किया। वह 4 रन ही बना सके। इसके बाद विराट कोहली ने शुभमन गिल के साथ दूसरे विकेट के लिए 189 रनों की शानदार साझेदारी की। इस साझेदारी को मदुशंका ने तोड़ा। उन्होंने शुभमन गिल को नर्वस 90 में विकेटकीपर कुसल मेंडिस के हाथों कैच कराया। शुभमन 92 गेंद में 92 रन बनाकर आउट हुए। कोहली ने 94 गेंद में 88 रन बनाए। इसके बाद श्रेयस अय्यर ने 82 और केएल राहुल ने 21 रनों की पारी खेली। अंतिम ओवरों में रवींद्र जडेजा ने 24 गेंद में 35 रन की पारी खेली, वह भारतीय पारी की आखिरी गेंद पर रन आउट हुए। श्रीलंका की ओर से मदुशंका ने पांच विकेट लिए, जबकि चमीरा को एक विकेट मिला।

श्रीलंका की पारी 55 रन पर सिमटी

358 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए पहली गेंद में ही श्रीलंका ने पथुम निसांका का विकेट गंवा दिया, बुमराह ने उन्हें चलता किया। इसके बाद सिराज ने अगले ओवर में दिमुथ करुणारत्ने और सदीरा समरविक्रमा को भी आउट कर दिया। कप्तान मेंडिस भी एक रन बनाकर सिराज का शिकार बने। तीन रन पर चार विकेट गिरने के बाद मैथ्यूज और असलांका ने श्रीलंका को मैच में वापस लाने की कोशिश की। लेकिन शमी के आते ही फिर से विकेटों की झड़ी लगा दी। शमी ने श्रीलंकाई पारी के पांच विकेट अपने नाम किए और भारत को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया। अंत में जडेजा ने मदुशंका को आउट कर श्रीलंका की पारी खत्म कर दी।

इस हार के साथ ही श्रीलंका की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें लगभग खत्म हो गई। जबकि इस शानदार जीत के साथ भारत 14 अंकों के साथ अंक तालिका में एक बार फिर से शीर्ष पर पहुंच गया है।

फाइनल स्कोर: भारत-357/8 श्रीलंका-55/10

RELATED ARTICLES

15/09/26 | 9:37 pm

Para Shooting World Championship 2026: भक्ति शर्मा ने में जीता ब्रॉन्ज और सिल्वर, पिता बोले- नतीजे मिलने पर कठिनाइयां भूल जाते हैं

साउथ कोरिया के चांगवोन में हुई पैरा शूटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में भारत की बेटी भक्ति शर्मा ने ...

14/09/26 | 11:16 am

महिला टीम ने मोहसिन नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने से किया मना, बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बताई वजह

भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए महिला एशिया कप 2026 के खिताब को अपने नाम किया। फाइनल मुकाब...