प्रतिक्रिया | Saturday, July 27, 2024

22/12/23 | 10:05 am

दिल्ली समेत कई राज्यों में आज बारिश का अनुमान,पहाड़ों पर बर्फबारी से समूचे उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का असर जारी 

पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से मैदानी इलाकों में ठंड का असर बढ़ गया है। बर्फीली हवाओं के चलते दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 5 दिनों तक हरियाणा,पंजाब और हिमाचल प्रदेश,उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वोत्तर राज्यों मेघालय,असम, मणिपुर, मिजोरम, नगालैंड के कई क्षेत्रों में जगह-जगह घना कोहरा छाया रहेगा। 

दिल्ली सहित कई राज्यों में आज हो सकती है बारिश

राजधानी दिल्ली में पिछले कुछ दिनों में ठंड बढ़ी है,मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली-एनसीआर में वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर देखने को मिलेगा। दिल्ली-NCR में शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है। बारिश के साथ ही दिल्ली में न्यूनतम तापमान घटकर पांच डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान,मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड के कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा/बर्फबारी की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने बताया कि 22 और 23 दिसम्बर को पंजाब,हरियाणा,चंडीगढ़,दिल्ली और उत्तर पश्चिमी राजस्थान में हल्की बारिश हो सकती है। जबकि 23 दिसंबर को उत्तर पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तर पूर्व राजस्थान व दक्षिण भारत के राज्यों तमिलनाडु, पुडुचेरी और अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है।

हरियाणा-पंजाब में ठंड का प्रकोप 

मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब,हरियाणा, चंडीगढ़ दिल्ली उत्तरी राजस्थान में 4 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान बने रहने का अनुमान है। जबकि दक्षिणी राजस्थान,उत्तर प्रदेश, बिहार,मध्यप्रदेश छत्तीसगढ़ उड़ीसा में न्यूनतम तापमान 8 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। बता दें कि घने कोहरे के कारण वाहन चालकों को सुबह सुबह परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को हरियाणा के न्यूनतम तापमान में 2.8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज किया गया।

मध्यप्रदेश में भी कड़ाके की ठंड 

उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण मध्यप्रदेश में भी ठिठुरन बढ़ा दी है। पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री रहा,अधिकांश जगहों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे बना हुआ है। वहीं अधिकतम तापमान में भी गिरावट देखी जा रही है। गुरुवार को ग्वालियर सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

  by Kumar Ambesh 

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 5531577
आखरी अपडेट: 26th Jul 2024