प्रतिक्रिया | Saturday, July 27, 2024

31/07/23 | 3:23 pm

देश में पाम ऑयल के क्षेत्र में ‘आत्मनिर्भर भारत’ का लक्ष्य, पूरे भारत में पाम ऑयल पौधारोपण अभियान

देश में पाम ऑयल के क्षेत्र में आत्मनिर्भर होने के लिए केंद्र सरकार पाम ऑयल की खेती के लिए मेगा पौधारोपण कर रही है। देश में 25 जुलाई, 2023 से एक मेगा आयल पाम पौधारोपण अभियान शुरू किया है ताकि देश में ऑयल पाम के उत्पादन को और बढ़ाया जा सके। दरअसल, पाम ऑयल उत्पादन क्षेत्र को 10 लाख हेक्टेयर तक बढ़ाने और वर्ष 2025-26 तक कच्चे पाम ऑयल का उत्पादन 11.20 लाख टन तक बढ़ाने का लक्ष्य है। इसी उद्देश्य से भारत सरकार ने अगस्त 2021 में राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन- ऑयल पाम का शुभारंभ किया था। इसके अलावा खाद्य तेलों के उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि के लिए यह मिशन आयात बोझ को कम करके भारत को 'आत्मनिर्भर भारत' की दिशा में सफलतापूर्वक ले जा रहा है। 

सरकार और प्राइवेट कंपनियों की साझेदारी

इस मिशन के तहत राज्य सरकारों ने ऑयल पाम प्रसंस्करण कंपनियों के साथ मिलकर पाम ऑयल पौधारोपण अभियान शुरू किया है ताकि देश में ऑयल पाम के उत्पादन को और बढ़ाया जा सके। तीन प्रमुख ऑयल पाम प्रसंस्करण कंपनियां जैसे- पतंजलि फूड प्राइवेट लिमिटेड, गोदरेज एग्रोवेट और 3एफ अपने-अपने राज्यों में रिकॉर्ड स्तर पर ऑयल पाम का रकबा बढ़ाने के लिए किसानों के साथ मिलकर सक्रिय रूप से भागीदारी कर रहीं हैं।

पाम ऑयल उत्पादक राज्य

यह मेगा पौधारोपण अभियान 25 जुलाई 2023 शुरू हुआ है और 12 अगस्त 2023 तक जारी रहेगा। प्रमुख ऑयल पाम उत्पादक राज्य- आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, ओडिशा, कर्नाटक, गोवा, असम, त्रिपुरा, नागालैंड, मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश इस पहल में भाग ले रहे हैं।

करीब 7750 हेक्टेयर भूमि पर ऑयल पाम की खेती का लक्ष्य

यह अभियान भारत के शेष राज्यों- आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, ओडिशा, गोवा, कर्नाटक में 08 अगस्त 2023 तक जारी रहेगा और लगभग 7000 हेक्टेयर रकबे को कवर करेगा, जिसमें से 6500 हेक्टेयर से कहीं अधिक रकबा आंध्र प्रदेश और तेलंगाना द्वारा कवर करने का लक्ष्य है। पूर्वोत्तर क्षेत्र राज्यों जैसे- असम, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, मिजोरम और नागालैंड में यह अभियान 27 जुलाई 2023 को शुरू हुआ और 12 अगस्त 2023 तक जारी रहेगा जिसमें 19 जिलों के 750 हेक्टेयर से अधिक रकबे में पौधारोपण किया जाएगा।

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 5530196
आखरी अपडेट: 26th Jul 2024