प्रतिक्रिया | Saturday, July 27, 2024

12/01/24 | 9:58 am

पीएम मोदी आज देश के सबसे लंबे समुद्री पुल ‘अटल सेतु’ का करेंगे उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज महाराष्ट्र के दौरे पर पहुंच रहे हैं। वो मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक (MTHL) समुद्री पुल का उद्घाटन और ईस्टर्न फ्रीवे के ऑरेंज गेट को मरीन ड्राइव से जोड़ने वाली भूमिगत सड़क की आधारशिला रखेंगे। दरअसल शहरी परिवहन अवसंरचना और संपर्क को मजबूत करके लोगों के आवागमन की सुगमता को बढ़ावा देने के अपने विज़न के अनुरूप आज शुक्रवार को पीएम मोदी मुंबई ट्रांस-हार्बर लिंक (एमटीएचएल) का उद्घाटन करेंगे, जिसे अब ‘अटल बिहारी वाजपेयी सेवरी-न्हावा शेवा अटल सेतु’ नाम दिया गया है। भारत के सबसे लंबे समुद्री पुल, अटल सेतु का निर्माण 17,840 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से किया गया है। 

ईज ऑफ मोबिलिटी बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण कदम

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के अनुसार दोपहर करीब 3:30 बजे प्रधानमंत्री मुंबई में अटल बिहारी वाजपेयी सेवारी-न्हावा शेवा अटल सेतु का उद्घाटन करेंगे। लगभग 4:15 बजे, प्रधानमंत्री नवी मुंबई में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां वे कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, राष्ट्र को समर्पित करेंगे और आधारशिला रखेंगे।

अटल बिहारी वाजपेयी सेवारी – न्हावा शेवा अटल सेतु

प्रधानमंत्री का विज़न शहरी परिवहन बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी को मजबूत करके नागरिकों की 'ईज़ ऑफ मोबिलिटी' को बेहतर बनाना है। इस विज़न के अनुरूप, मुंबई ट्रांसहार्बर लिंक (एमटीएचएल), का नाम अब 'अटल बिहारी वाजपेयी सेवारी-न्हावा शेवा अटल सेतु' रखा गया है, जो अब तैयार हो गया है। बता दें कि इस पुल का शिलान्यास भी दिसंबर 2016 में पीएम मोदी ने किया था।

देश का सबसे लंबा समुद्री पुल है अटल सेतु (Atal Setu)

अटल सेतु का निर्माण 17,840 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से किया गया है। यह पुल लगभग 21.8 किमी लंबा और 6-लेन वाला है जो 16.5 किमी लंबा समुद्र के ऊपर और लगभग 5.5 किमी जमीन पर बना है। ज्ञात हो यह भारत का सबसे लंबा पुल है, जो देश का सबसे लंबा समुद्री पुल भी है। 

अटल सेतु से मुंबई बंदरगाह और जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह के बीच होगी कनेक्टिविटी बेहतर

यह मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे और नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को तेज़ कनेक्टिविटी प्रदान करेगा और मुंबई से पुणे, गोवा और दक्षिण भारत की यात्रा में लगने वाले समय को भी कम करेगा। यह मुंबई बंदरगाह और जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगा।

भूमिगत सड़क की भी रखेंगे आधारशिला

इसके अलावा प्रधानमंत्री नवी मुंबई में आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम में 12,700 करोड़ रुपये से अधिक  लागत की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और शिलान्यास करेंगे। वे  ईस्टर्न फ्रीवे के ऑरेंज गेट को मरीन ड्राइव से जोड़ने वाली भूमिगत सड़क सुरंग की आधारशिला भी रखेंगे। 9.2 किलोमीटर लंबी सुरंग 8700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाई जाएगी और यह मुंबई में एक महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा विकास होगा जो ऑरेंज गेट और मरीन ड्राइव के बीच यात्रा में लगने वाले समय को भी कम करेगा।

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 5545503
आखरी अपडेट: 27th Jul 2024