18/12/23 | 9:19 am

Print

पीएम मोदी आज वाराणसी में दूसरी वंदे भारत को दिखाएंगे हरी झंडी, लाखों यात्रियों को होगा फायदा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो दिवसीय (17 और 18 दिसंबर) यात्रा पर अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी आए हुए हैं। अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री आज वाराणसी को बड़ा तोहफा भी देने वाले हैं। वह वाराणसी से दिल्ली तक दूसरी वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इस मार्ग पर दूसरी वंदे भारत शुरू होने से लाखों यात्रियों को फायदा होगा। 

अपने दो दिवसीय दौरे के पहले दिन प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत संकल्प यात्रा को संबोधित करते हुए कहा, “सरकार, राजनीति और सामाजिक कार्यों से जुड़े देश के सभी लोग इस विकास भारत संकल्प यात्रा को सफल बनाने के लिए अपना समय दे रहे हैं। इसलिए एक सांसद के रूप में मेरी भी जिम्मेदारी थी कि मैं भी इस कार्यक्रम में समय दूं।”  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देर रात एक्स हैंडल पर कुछ फोटो साझा करते हुए लिखा-'वाराणसी में अपने परिवारजनों का जोश और उत्साह अभिभूत कर गया।' 

आज (सोमवार) प्रधानमंत्री के यहां चार प्रमुख कार्यक्रम हैं। भाजपा ने एक्स हैंडल पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक कार्यक्रम का ब्यौरा साझा किया है। इसके मुताबिक वो सबसे पहले सुबह पौने 11 बजे वाराणसी के स्वर्वेद महामंदिर के दर्शन करेंगे। ठीक 45 मिनट बाद 11:30 बजे वो इस धर्मस्थल का उद्घाटन करेंगे।

भाजपा के एक्स हैंडल के अनुसार, इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी दोपहर एक बजे वाराणसी में विकसित भारत संकल्प यात्रा के कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। आखिर में सवा दो बजे शहर में ही विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।