प्रतिक्रिया | Friday, April 25, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

18/03/24 | 8:29 pm

printer

भारत और अमरीका के बीच ‘टाइगर ट्राइंफ़ –24’ द्विपक्षीय सैन्‍य अभ्‍यास शुरू

भारत और अमरीका के बीच सोमवार से द्विपक्षीय सैन्‍य अभ्‍यास ‘टाइगर ट्राइंफ़ –24’ शुरू हो गया है। दोनो देशों के बीच स्थापित एक द्विपक्षीय त्रि-सेवा मानवीय सहायता और आपदा राहत (एचएडीआर) सैन्‍य अभ्यास भागीदारी के अनुरूप यह सैन्य अभ्यास 18 से 31 मार्च 24 तक पूर्वी समुद्र तट पर होगा।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार भारतीय नौसेना के हेलीकॉप्टर और लैंडिंग क्राफ्ट के साथ जहाज, भारतीय नौसेना के विमान, भारतीय थलसेना के जवान और वाहन त‍था भारतीय वायुसेना के विमान और हेलीकॉप्टर के साथ-साथ रैपिड एक्शन मेडिकल टीम (आरएएमटी) इस सैन्‍य अभ्यास में भाग लेंगे।

अमरीका का प्रतिनिधित्व अमरीकी नौसेना के जहाजों द्वारा किया जाएगा, जिसमें अमरीकी मरीन कोर और अमरीकी थल सेना के सैनिक शामिल होंगे। सैन्‍य अभ्‍यास ‘टाइगर ट्राइंफ – 24’ का उद्देश्य एचएडीआर अभियानों के संचालन के लिए अंत:पारस्‍परिकता विकसित करना और दोनों देशों की सेनाओं के बीच तेजी से और सुचारू समन्वय को सक्षम करने के लिए मानक परिचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) में सुधार लाना है।

इस सैन्‍य अभ्‍यास का ‘हार्बर चरण’ 18 से 25 मार्च तक निर्धारित है। इस दौरान दोनों देशों की नौसेनाओं के कर्मी प्रशिक्षण दौरों, विषय वस्तु विशेषज्ञ आदान-प्रदान, खेल आयोजनों और समाज के आम लोगों से बातचीत में भाग लेंगे। हार्बर चरण के पूरा होने पर भाग लेने वाले सैन्‍यकर्मी, जहाजों के साथ सैन्‍य अभ्यास के समुद्री चरण के लिए रवाना होंगे और बनाई गई स्थितियों के अनुसार समुद्री, उभयचर तथा एचएडीआर अभियानों के कामों को करेंगे।

आगंतुकों: 24521283
आखरी अपडेट: 25th Apr 2025