प्रतिक्रिया | Saturday, July 27, 2024

13/12/23 | 9:43 am

मध्यप्रदेश के नए सीएम आज लेंगे गोपनीयता की शपथ,समारोह में पीएम मोदी व गृहमंत्री सहित 6 राज्यों के मुख्यमंत्री होंगे शामिल

मध्यप्रदेश के नए मुख्यमंत्री मोहन यादव बुधवार यानी आज सुबह 11.30 बजे मुख्यमंत्री पद के लिए गोपनीयता की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया जायेगा। उनके साथ जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला भी डिप्टी CM के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। राज्यपाल मंगुभाई पटेल उनको शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के 6 मुख्यमंत्री शामिल होंगे। पीएम मोदी सुबह 11.00 बजे विशेष विमान से भोपाल आएंगे। यहां राजा भोज एयरपोर्ट से समारोह स्थल तक हेलिकॉप्टर से पहुंचेंगे। वे करीब 2 घंटे भोपाल में रहेंगे। इसके बाद दोपहर 1.05 बजे रायपुर के लिए रवाना होंगे।

नए मंत्रिमंडल का गठन जल्द 

मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के तुरंत बाद डॉ. मोहन यादव के मंत्रिमंडल के चेहरे तलाशने की भी तैयारी होगी। बड़े नेताओं से प्रारंभिक चर्चा करने के बाद मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और संगठन महामंत्री हितानंद दिल्ली जाएंगे। डिप्टी CM और स्पीकर की नियुक्ति के बाद हाईकमान बचे हुए बड़े नेताओं कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, गोपाल भार्गव, जयंत मलैया, विजय शाह, भूपेंद्र सिंह, बिसाहूलाल सिंह जैसे कुछ नेताओं की भूमिका जल्द स्पष्ट करेगा। इसके बाद ही मंत्रिमंडल के नाम फाइनल होंगे।

शपथ समारोह में दो हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था

मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां पूरी हो चुकी है। यहां बने सभागार में 2000 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। मंच पर दो दर्जन वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। अतिथियों के लिए लाल परेड मैदान में तीन हेलिपैड बनाए गए हैं। शपथ ग्रहण समारोह की सुरक्षा-व्यवस्था में लगे पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे ड्यूटी के दौरान मुस्तैदी बरतें,मोबाइल पर बात न करें। 

मध्यप्रदेश के नए सीएम मोहन यादव की शख्सियत 

परिवार की मदद के साथ मोहन पढ़ाई पर भी पूरा ध्यान रखते थे। परिवार की आर्थिक हालत और मोहन की प्रतिभा को देखते हुए सालिगराम नाम के शिक्षक ने उन्हें अपने साथ रख लिया।अभाव के बीच शिक्षक से मिली मदद के साथ मोहन यादव ने पीएचडी तक की शिक्षा ग्रहण की। मोहन यादव ने उज्जैन विकास प्राधिकरण का अध्यक्ष रहते हुए पॉलिटिकल साइंस में एमए और इसके बाद 2010 में उन्हें पीएचडी की उपाधि हासिल की।  

मोहन यादव का राजनीतिक सफर 

डाॅ.मोहन यादव ने माधव विज्ञान महाविद्यालय से छात्र राजनीति की शुरुआत की। 1982 में वे माधव विज्ञान महाविद्यालय छात्रसंघ के सह-सचिव और 1984 में माधव विज्ञान महाविद्यालय छात्रसंघ के अध्यक्ष रहे हैं। उन्होंने 2013 में उज्जैन दक्षिण से चुनाव लड़ा था और लगातार तीसरे चुनाव में यहां से विधायक निर्वाचित हुए हैं। इस बार उन्होंने कांग्रेस के प्रत्याशी चेतन प्रेमनारायण यादव को 12941 वोटों से हराया था। मोहन यादव को 95699 वोट मिले थे।

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 5527241
आखरी अपडेट: 26th Jul 2024