प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तराखंड स्थापना दिवस पर उत्तराखंड के लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड ने भारतीय संस्कृति और परंपरा की समृद्धि में अमूल्य योगदान दिया है। उत्तराखंड राज्य की स्थापना को आज यानी 9 नवंबर को 23 साल पूरे हो गए। राज्य अब 24वें साल में प्रवेश कर गया है। इस अवसर पर होने वाले राज्यस्तरीय कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी भाग ले रही हैं। इस मौके पर राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गृह मंत्री अमित शाह समेत देश कई नेताओं ने प्रदेशवासियों को बधाई दी है।
पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं
पीएम मोदी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया चैनल एक्स (x) पर एक पोस्ट में कहा, “भारतीय संस्कृति और परंपरा की समृद्धि में देवभूमि उत्तराखंड का अमूल्य योगदान है। प्राकृतिक पर्यटन के लिए प्रसिद्ध इस प्रदेश के मेरे सभी परिवारजन अत्यंत परिश्रमी होने के साथ-साथ बेहद पराक्रमी भी हैं। आज राज्य के स्थापना दिवस पर उन्हें मेरी बहुत-बहुत शुभकामनाएं।”
https://x.com/narendramodi/status/1722458155538670025?s=20
उत्तराखंड राज्य की स्थापना को 23 साल पूरे
उत्तराखंड राज्य की स्थापना दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स (x) पर लिखा, “राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आपकी शुभकामनाओं हेतु समस्त देवभूमिवासियों की ओर से हार्दिक आभार आदरणीय प्रधानमंत्री जी ! आपके यशस्वी नेतृत्व में हम राज्य आंदोलनकारियों एवं सवा करोड़ प्रदेशवासियों के स्वप्नों को साकार करते हुए उत्तराखण्ड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने हेतु सतत क्रियाशील हैं।”
https://x.com/pushkardhami/status/1722462702021603451?s=20
एक्स पर एक अन्य पोस्ट में पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि श्रद्धेय अटल जी ने हमें उत्तराखण्ड दिया और आज आदरणीय प्रधानमंत्री श्री जी के यशस्वी नेतृत्व में हमारा प्रदेश संवर रहा है..! प्रदेश के विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक क्षेत्रों को वैश्विक स्तर पर मिल रही नई पहचान।
https://x.com/pushkardhami/status/1722448079671189646?s=20
देवभूमि उत्तराखण्ड के 24वें स्थापना दिवस के अवसर पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने शहीद स्थल कचहरी, देहरादून में उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
गृह मंत्री अमित शाह ने दी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं
देश के गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड के स्थापना दिवस की सभी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी, उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा,” प्राकृतिक सौन्दर्य और अध्यात्म की पावन धरा उत्तराखंड के स्थापना दिवस की सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ। मोदी जी के मार्गदर्शन में श्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार देवभूमि उत्तराखंड की प्रगति और जनता के कल्याण के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। मैं प्रदेश की निरंतर खुशहाली की कामना करता हूँ।”
https://x.com/AmitShah/status/1722470844184797666?s=20
सीएम योगी ने दी शुभकामनाएं
उत्तराखण्ड के स्थापना दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट किया, “महान सनातन धर्म व संस्कृति के अनेक आख्यानों की साक्षी धरा, प्रकृति तथा परमात्मा की विशेष कृपा से आच्छादित, देवभूमि उत्तराखंड के स्थापना दिवस की उत्तराखंड वासियों को हार्दिक बधाई-शुभकामनाएं. बाबा केदारनाथ से प्रार्थना है कि यह राज्य समृद्धि व सुशासन के नए कीर्तिमान गढ़ता रहे। “
https://x.com/myogiadityanath/status/1722421332326183398?s=20
वर्ष 2000 में हुआ था उत्तराखंड राज्य का गठन
ज्ञात हो कि उत्तराखंड साल 2000 में गठन से पहले उत्तर प्रदेश का एक हिस्सा था। उत्तराखंड को साल 2000 से 2006 तक उत्तरांचल के नाम से जाना जाता था। इसके बाद स्थानीय लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए जनवरी 2007 में राज्य का आधिकारिक नाम बदलकर उत्तरखंड किया गया था। इस राज्य की सीमाएं उत्तर में तिब्बत, पूर्व में नेपाल, पश्चिम में हिमाचल प्रदेश और दक्षिण में उत्तर प्रदेश से लगती है। हिन्दी और संस्कृत में उत्तराखण्ड का अर्थ उत्तरी क्षेत्र या भाग होता है। उत्तराखंड को देवभूमि के नाम से भी जाना जाता है क्योंकि कई प्राचीन धार्मिक स्थलों के साथ ही यह राज्य हिन्दू धर्म में सबसे पवित्र मानी जाने वाली देश की सबसे बड़ी नदियों गंगा और यमुना का उद्गम स्थल है।