इस समय सारा उत्तर भारत ठंड से कांप रहा है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर में भी कड़ाके की ठंड और कोहरे का प्रकोप जारी है। ऐसी स्थिति में आगामी पांच दिनों तक राहत मिलने के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं। यह आकलन भारत मौसम विज्ञान विभाग का है।
कोहरे के कारण दृश्यता का स्तर हुआ शून्य
दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान समेत कई राज्यों में कड़ाके की ठंड के साथ कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। शुक्रवार को घने कोहरे के कारण देश के विभिन्न हिस्सों से दिल्ली आने वाली 23 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। कोहरे के कारण सुबह दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा क्षेत्र में दृश्यता का स्तर शून्य हो गया। हालांकि, प्रतिकूल परिस्थितियों का उड़ान संचालन पर कोई बड़ा प्रभाव नहीं पड़ा।
दिल्ली में आज सर्दी ने तोड़ा पांच साल का रिकार्ड, न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस
वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस मौसम के औसत तापमान से तीन डिग्री सेल्सियस कम है। साथ ही इस बार की सर्दी का सबसे कम तापमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, यह पिछले पांच साल में सबसे कम न्यूनतम तापमान है।
कई हिस्सों में छाया रहा घना कोहरा
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि राजधानी के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। पालम वेधशाला के अनुसार, सुबह साढ़े पांच बजे दृश्यता शून्य थी। भारतीय रेलवे के अनुसार, दिल्ली आ रही 23 ट्रेनें कोहरे की वजह से एक से छह घंटे के देरी से चल रही हैं। ऐसा ही आलम दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा क्षेत्र पर नजर आया जहां दृश्यता का स्तर शून्य हो गया।
13 से 15 जनवरी के बीच इन इलाकों में घने से बहुत घने कोहरे की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, 13 से 15 जनवरी के बीच पंजाब के कुछ हिस्सों और हरियाणा, चंडीगढ़ के अलग-अलग इलाकों में सुबह कुछ घंटों के लिए घने से बहुत घने कोहरे की स्थिति बनी रहने की संभावना है। मध्य और पूर्वी भारत के कई क्षेत्रों में अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस गिरावट आने की संभावना है।
(इनपुट-हिंदुस्थान समाचार)