देशभर में खसरा और रूबेला के उन्मूलन के लिए खसरा और रूबेला टीकाकरण कवरेज में बड़ा सुधार देखने को मिला है। यह सब सरकार के प्रयासों से शुरू किए गए सघन मिशन इंद्रधनुष (आईएमआई 5.0) अभियान से संभव हुआ है।
देश के सभी जिलों में चलाया जा रहा अभियान
इस वर्ष, पहली बार यह अभियान देश के सभी जिलों में चलाया जा रहा है। इसमें 5 वर्ष तक के बच्चे शामिल हैं (पिछले अभियानों में 2 वर्ष तक के बच्चे शामिल थे)।
14 अक्टूबर को अभियान के सभी तीन चरणों का समापन
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के प्रमुख नियमित टीकाकरण अभियान मिशन इंद्रधनुष के पहले 2 दौर के बाद अब तीसरे दौर का समापन होने जा रहा है। 14 अक्टूबर को अभियान के सभी तीन चरणों का समापन हो जाएगा।
IMI 5.0 के तीन राउंड
आईएमआई 5.0 तीन राउंड में आयोजित किया जा रहा है, जिनमें 7-12 अगस्त, 11-16 सितंबर और 9-14 अक्टूबर 2023, यानी एक महीने में 6 दिन, जिसमें एक नियमित टीकाकरण दिवस भी शामिल है। बिहार, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पंजाब को छोड़कर सभी राज्य/केंद्र शासित प्रदेश 14 अक्टूबर 2023 तक आईएमआई 5.0 अभियान के सभी तीन दौर समाप्त कर लेंगे। ये चार राज्य कुछ अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण अगस्त में आईएमआई 5.0 अभियान शुरू नहीं कर सके। इन राज्यों ने पहला दौर पूरा कर लिया है और वर्तमान में दूसरा दौर आयोजित कर रहे हैं। उनकी योजना नवंबर 2023 के महीने में IMI 5.0 अभियान का तीसरा दौर आयोजित करने की है।
अब तक 5.06 करोड़ बच्चों और 1.25 करोड़ गर्भवती महिलाओं को लगा टीका
बता दें, 2014 से अब तक देशभर में मिशन इंद्रधनुष के 11 चरण पूरे हो चुके हैं। 12वां चरण अभी चल रहा है, अभियान के तहत अब तक कुल 5.06 करोड़ बच्चों और 1.25 करोड़ गर्भवती महिलाओं को संचयी रूप से टीका लगाया जा चुका है।
आईएमआई 5.0 अभियान यह सुनिश्चित करता है कि नियमित टीकाकरण सेवाएं छूटे हुए बच्चों और
गर्भवती महिलाओं तक पहुंचें।
क्या है IMI 5.0 अभियान का लक्ष्य ?
आईएमआई 5.0 अभियान का लक्ष्य राष्ट्रीय टीकाकरण अनुसूची (एनआईएस) के अनुसार सार्वभौमिक टीकाकरण कार्यक्रम (यूआईपी) के तहत प्रदान किए गए सभी टीकों के लिए टीकाकरण कवरेज को बढ़ाना है। 2023 तक खसरा और रूबेला उन्मूलन के लक्ष्य के साथ खसरा और रूबेला टीकाकरण कवरेज में सुधार पर विशेष ध्यान दिया गया है। देश के सभी जिलों में पायलट मोड में नियमित टीकाकरण के लिए 'यू-विन डिजिटल प्लेटफॉर्म' का उपयोग किया जा रहा है। अभियान की एंट्री कोविन पोर्टल की तरह ही की जा रही है। आईएमआई 5.0 के लिए तैयारी का आकलन नेशनल मॉनिटर्स द्वारा 19 जुलाई और 23 जुलाई 2023 के बीच किया गया था। उन्होंने 27 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के 154 उच्च प्राथमिकता वाले जिलों में व्यापक तैयारी का आकलन किया था। इसके पश्चात सिफारिशों के साथ तैयारियों के आकलन के निष्कर्षों को सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों द्वारा साझा किया गया।
अभियान को सफल बनाने में इनका भी योगदान
अभियान के बारे में सभी राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों को उन्मुख करने के लिए 23 जून 2023 को राष्ट्रीय राजधानी में IMI 5.0 पर एक राष्ट्रीय कार्यशाला भी आयोजित की गई थी।आईएमआई 5.0 में जन-प्रतिनिधियों की भागीदारी देखी गई और सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में सोशल मीडिया पर प्रभावशाली लोग बड़ी संख्या में आगे आए और जनता से निकटतम टीकाकरण केंद्रों पर जाने और परिवार और समुदाय में बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए छूटी हुई खुराक लेने की अपील की।