प्रतिक्रिया | Wednesday, April 30, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

16/01/24 | 1:02 pm

printer

प्रधानमंत्री संग्रहालय में आज से आम जनता के लिए खुल रही पीएम मोदी गैलरी, जानिए क्या है खास  

लंबी प्रतीक्षा के बाद आखिरकार प्रधानमंत्री संग्रहालय में दर्शकों को अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घा भी देखने को मिलेगी। जी हां, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री संग्रहालय में पीएम मोदी गैलरी आज, मंगलवार से खुल रही है। इस संग्रहालय का उद्घाटन 14 अप्रैल 2022 को पीएम मोदी ने ही किया था लेकिन अभी तक खुद उनकी दीर्घा नहीं थी।

भारत की सबसे आधुनिक गैलरी 

यह गैलरी भारत की सबसे आधुनिक गैलरीज में से एक है। इसका बीते कल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उद्घाटन किया। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन को चित्रित करने के साथ-साथ उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों की भी सटीक जानकारी डिजिटल तरीके से उपलब्ध कराई गई है। 

तैयार करने में लगा एक साल 

प्रधानमंत्री संग्रहालय को तैयार करने में चार साल का वक्त लगा है जबकि पीएम मोदी गैलरी में करीब एक साल का वक्त लगा है। इस गैलरी के माध्यम से दर्शक एक नए भारत का स्वरूप, एक विकसित भारत की संकल्पना इसी गैलरी से देख सकते हैं। 

यहां देखें नए भारत का स्वरूप और विकसित भारत की संकल्पना 

प्रधानमंत्री की इस गैलरी में एक ओर जहां नए भारत की संकल्पना का जीवंत प्रतिरूप आप देख सकते हैं। वहीं दूसरी ओर एक सामान्य यानी साधारण व्यक्ति से असाधारण व्यक्तित्व बनने की जर्नी के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के विकास के लिए उनके द्वारा किए गए अनुकरणीय कार्यों को दर्शक जीवंत यहां देख सकते हैं। 

आज से आम जनता के लिए खुली रहेगी गैलरी 

पीएम मोदी गैलरी के विषय पर प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय की कार्यकारी परिषद के उपाध्यक्ष ए. सूर्यप्रकाश ने इसे संकल्प से सिद्धि का प्रतीक बताया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति ने इसे देखा है और यह गैलरी आम जनता के लिए खुली रहेगी। यहां हर एक क्षेत्र में जो प्रगति हुई है या जो कार्य हुआ है, यहां सब आपको देखने को मिलता है। आजादी के बाद देश के 75 साल के सफर की कहानी को समझने के लिए पीएम मोदी की गैलरी को देखना चाहिए। 

पिछले 10 साल में लागू तमाम योजनाएं से जुड़ी जानकारी भी मिलेगी 

आगे जोड़ते हुए उन्होंने कहा, जो परिवार गरीबी रेखा के नीचे जीवन व्यतीत करते हैं, उनके लिए पिछले 10 साल में बहुत सारी योजनाएं लागू की गई हैं। जैसे कि 10 करोड़ परिवारों को एलपीजी कनेक्शन दिया जाना, 14 करोड़ घरों में नल से पीने के पानी की व्यवस्था इत्यादि के साथ-साथ तमाम सोशल सेक्टर में किए गए काम इस गैलरी में देखने को मिलेंगे।

पीएम मोदी की दुनिया के टॉप लीडर्स के साथ मिलेगी झलकियां

इसके अलावा इस गैलरी में फॉरेन रिलेशन और पीएम मोदी के अंतर्राष्ट्रीय क्षेत्र में दुनिया के टॉप लीडर्स के साथ रिलेशन, पर्यावरण व विकास जैसे कार्यों पर विभिन्न तस्वीरें देखने को मिलेंगे।

पीएम मोदी के प्रारंभिक जीवन से प्रधानमंत्री बनने तक की जीवन यात्रा की जानकारी भी

इस गैलरी में पीएम मोदी के प्रारंभिक जीवन से लेकर प्रधानमंत्री बनने तक की उनकी जीवन यात्रा को बेहतरीन तरीके से रेखांकित किया गया है। पीएम मोदी के जीवन यात्रा को लेकर प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय की कार्यकारी परिषद के उपाध्यक्ष ए. सूर्य प्रकाश ने बताया उनके परिवार की आर्थिक परिस्थिति बेहद कठिन थी और वहीं से पीएम मोदी की जीवन यात्रा शुरू होती है। उसके बाद उनकी युवा अवस्था और 1970 में जब आपातकाल लागू हुआ, उसके बाद भारतीय जनता पार्टी में उनकी जिम्मेदारियां और फिर मुख्यमंत्री बने और फिर प्रधानमंत्री बनने का यह पूरा सिलसिला गैलरी के इन सेगमेंट्स में देख सकते हैं।

 

 

आगंतुकों: 24958562
आखरी अपडेट: 29th Apr 2025