प्रतिक्रिया | Saturday, September 07, 2024

भारत समुद्री डकैती और आतंकवाद से निपटने के लिए प्रतिबद्ध है : पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भारत नौवहन की स्वतंत्रता की रक्षा करने और हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री डकैतों और आतंकवाद से निपटने के लिए प्रतिबद्ध है। पीएम मोदी ने यह बात बुल्गारियाई राष्ट्रपति रुमेन राडेव के एक्स पोस्ट के जवाब में कही।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार पीएम मोदी ने भारतीय नौसेना द्वारा अपहृत बुल्गारियाई जहाज रूएन और 7 बुल्गारियाई नागरिकों सहित उसके चालक दल के सदस्यों को बचाने के संबंध में बुल्गारिया गणराज्य के राष्ट्रपति रुमेन राडेव को जवाब दिया है। पीएम मोदी ने हिंद महासागर क्षेत्र में नेविगेशन की स्वतंत्रता की रक्षा करने और समुद्री डकैती और आतंकवाद से निपटने के लिए भारत की प्रतिबद्धता की सराहना की और जोर दिया।

बुल्गारियाई राष्ट्रपति ने भारतीय नौसेना के प्रति किया आभार व्यक्त

बता दें कि बुल्गारियाई राष्ट्रपति राडेव ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया एक्स (x) अकाउंट पर एक पोस्ट के माध्यम से बुल्गारियाई अपहृत जहाज को बचाने के लिए भारतीय नौसेना के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने पीएम मोदी को भी धन्यवाद दिया और बताया कि इसमें 7 बुल्गारियाई नागरिक भी थे।

पीएम मोदी ने रुमेन राडेव के एक्स पोस्ट का दिया जवाब

वहीं, पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में बुल्गारिया के राष्ट्रपति रुमेन राडेव की एक्स पोस्ट का जवाब देते हुए कहा, “बुल्गारिया गणराज्य के राष्ट्रपति, आपके संदेश की सराहना करते हैं। हमें खुशी है कि 7 बुल्गारियाई नागरिक सुरक्षित हैं और जल्द ही घर लौट आएंगे। भारत हिंद महासागर क्षेत्र में नौवहन की स्वतंत्रता की रक्षा करने और समुद्री डकैती और आतंकवाद से निपटने के लिए प्रतिबद्ध है।”

उल्लेखनीय है कि ‘रूएन’ जहाज को पिछले साल दिसंबर में अरब सागर में समुद्री डकैतों ने पकड़ लिया था। इसमें बुल्गारियाई, म्यांमारी और अंगोलन नागरिक थे।

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 7714076
आखरी अपडेट: 7th Sep 2024