प्रतिक्रिया | Monday, April 28, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

11/01/24 | 11:41 am

printer

रक्षामंत्री ने ब्रिटिश प्रधानमंत्री ऋषि सुनक से की मुलाकात,हिंद महासागर में लिटोरल रिस्पांस ग्रुप की होगी तैनाती 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को लंदन में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक से मुलाकात की। दोनों मंत्रियों के बीच रक्षा, आर्थिक सहयोग और शांतिपूर्ण और स्थिर वैश्विक  नियम-आधारित व्यवस्था से संबंधित प्रमुख मुद्दों पर बातचीत हुई। बता दें कि दो दशकों से अधिक समय में किसी मौजूदा भारतीय रक्षा मंत्री की ब्रिटेन की ये पहली आधिकारिक यात्रा है। रक्षा मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर अपने एक पोस्ट में बताया कि बैठक काफी व्यापक और सार्थक भरा रहा जिसमें रक्षा,आर्थिक सहयोग और वैश्विक स्थिरता के लिए साझा प्रतिबद्धता जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र शामिल रहे। इससे पहले उन्होंने यूके के विदेश सचिव डेविड कैमरन के साथ दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने को लेकर चर्चा की।

रक्षामंत्री और उनके समकक्ष ग्रांट शाप्स ने लंदन के ट्रिनिटी हाउस में भारत-यूके रक्षा उद्योग सीईओ गोलमेज सम्मेलन में भाग लिया। दोनों मंत्रियों ने रक्षा क्षेत्र में सहयोग और रणनीतिक साझेदारी को बढ़ावा देने के महत्व पर भी जोर दिया। बैठक के दौरान राजनाथ सिंह ने संयुक्त अभ्यास, प्रशिक्षण कार्यक्रम, क्षमता निर्माण और बढ़ी हुई अंतरसंचालनीयता पर प्रकाश डालते हुए द्विपक्षीय रक्षा जुड़ाव में हालिया प्रगति के बारे में जानकारी दी। प्रौद्योगिकी क्षेत्र सहित रक्षा औद्योगिक सहयोग को बढ़ाने के प्रयासों पर जोर देते हुए उन्होंने यूके रक्षा उद्योग के साथ बातचीत और द्विपक्षीय रक्षा संबंधों में नवीनीकृत ऊर्जा के बारे में सकारात्मकता व्यक्त की।

एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम में यूके ने इस साल के अंत में हिंद महासागर क्षेत्र में अपने लिटोरल रिस्पांस ग्रुप को तैनात करने की योजना की घोषणा की है जिसमें कैरियर स्ट्राइक ग्रुप के लिए 2025 में भारतीय समुद्री क्षेत्र का दौरा करना प्रस्तावित है। 

क्या है लिटोरल रिस्पांस ग्रुप?

एलआरजी ब्रिटेन की रॉयल नेवी का कार्य समूह है, जिसमें कम से कम दो युद्धक जहाज शामिल हैं। सीआरजी रायल नेवी का विमान वाहक युद्धपोत है। सीआरजी की पहली तैनाती 2021 में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में हुई थी। राजनाथ सिंह ने ब्रिटेन और समान विचारधारा वाले देशों से शांतिपूर्ण और स्थिर वैश्विक नियम-आधारित व्यवस्था को मजबूत करने में भारत के साथ सहयोग का आग्रह किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के 21वीं सदी के मध्य तक एक विकसित देश बनने के लक्ष्य के बारे में प्रधानमंत्री सुनक से चर्चा की जिसमें उन्होंने आर्थिक विकास, गरीबी में कमी और व्यापार-अनुकूल सुविधाओं में बढ़ोतरी में उल्लेखनीय प्रगति का जिक्र किया। 

ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने मुक्त व्यापार समझौते को लागू करने पर जोर दिया   

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने चल रही मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) वार्ता के सफलता की आशा व्यक्त करते हुए और व्यापार, रक्षा और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया। बता दें कि भारत और ब्रिटेन के बीच अब तक मुफ्त व्यापार समझौते के 13 चक्रों की वार्ता हो चुकी है। उन्होंने भारतीय संस्थाओं के साथ मजबूत व्यापार और प्रौद्योगिकी साझेदारी का वादा किया, जिससे द्विपक्षीय संबंधों और मजबूती मिलने की संभावना व्यक्त की। इस दौरान रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सद्भावना स्मृति रूप में, प्रधानमंत्री सुनक को राम दरबार की मूर्ति भेंट की, जिसमें ब्रिटेन के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार सर टिम बैरो ने भाग लिया।

रक्षामंत्री ने की भारतीय प्रवासियों से मुलाकात 

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने इंडिया हाउस लंदन में राजनाथ सिंह ने भारतीय समुदाय के साथ मुलाकात कर बातचीत की, जिसमें सैन्य पूर्व सैनिकों और द्वितीय विश्व युद्ध में शामिल परिवारों के सदस्यों सहित भारतीय मूल के 160 से अधिक व्यक्ति शामिल रहे।

आगंतुकों: 24819723
आखरी अपडेट: 28th Apr 2025