प्रतिक्रिया | Sunday, April 27, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

09/01/24 | 8:43 pm

printer

लंदन यात्रा पर गए राजनाथ सिंह ने ब्रिटेन के रक्षा मंत्री के साथ बैठक की, रक्षा औद्योगिक सहयोग बढ़ाने पर दिया जोर

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार 09 जनवरी, 2024 को लंदन में ब्रिटेन के रक्षा मंत्री ग्रांट शाप्स के साथ द्विपक्षीय बैठक की। जिसमें दोनों पक्षों के बीच विचारों का सार्थक आदान-प्रदान हुआ। दोनों मंत्रियों ने रक्षा, सुरक्षा और सहयोग के कई मामलों पर चर्चा की जिसमें रक्षा औद्योगिक सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। ग्रांट शाप्स ने ज़ोर देकर कहा कि यूके और भारत के बीच के रिश्ते सिर्फ पेशेवर ही नहीं हैं, बल्कि दोनों देश कई समानताओं और साझा लक्ष्यों के साथ स्वाभाविक भागीदार हैं। रक्षा मंत्री ने दोनों देशों के बीच, विशेषकर हिंद-प्रशांत क्षेत्र में बढ़ते रणनीतिक सहयोग की सराहना की।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार इस द्विपक्षीय रक्षा बैठक के बाद भारत और यूके के बीच दो समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। पहला, द्विपक्षीय इंटरनेशनल कैडेट एक्सचेंज प्रोग्रैम के संचालन को लेकर हुआ समझौता ज्ञापन था। दूसरा, रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) तथा यूके की डिफेंस साइंस एंड टेक्नोलॉजी लैबोरेट्री (डीएसटीएल) के बीच अनुसंधान और विकास में रक्षा सहयोग को लेकर एक व्यवस्था पत्र (एलओए) था, जिस पर हस्ताक्षर हुए। ये दस्तावेज़ दोनों देशों के लोगों, खासकर युवाओं के बीच आदान-प्रदान और दोनों देशों के बीच रक्षा अनुसंधान सहयोग के व्यापक क्षेत्र को गति प्रदान करेंगे।

मंत्रालय के अनुसार 8 जनवरी की देर रात लंदन पहुंचने के बाद रक्षा मंत्री ने मंगलवार सुबह टेविस्टॉक स्क्वैयर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करके अपने लंदन कार्यक्रम की शुरुआत की। महात्मा गांधी ने 1888 से 1891 तक पास ही के यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन में कानून की पढ़ाई की थी। 

1915 में महात्मा गांधी की दक्षिण अफ्रीका से मुंबई वापसी के संदर्भ में 9 जनवरी एक विशेष प्रतीकात्मक तारीख है, जिसे भारत में प्रवासी भारतीय दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिन देश के विकास में प्रवासी भारतीय समुदाय के समृद्ध योगदान को याद किया जाता है। राजनाथ सिंह को यूके के रक्षा मंत्री के साथ द्विपक्षीय बैठक से पहले हॉर्स गार्ड्स परेड ग्राउंड में रस्मी गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।

आगंतुकों: 24746131
आखरी अपडेट: 27th Apr 2025