Print

विश्व कप 2027 के लिए 10 टीमें तय, अफगानिस्तान ने भी बनाई जगह

अफगानिस्तान ने दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में होने वाले वनडे विश्व कप 2027 के लिए सीधे क्वालीफाई कर लिया है। सोमवार को आयरलैंड के खिलाफ पांच वनडे मैचों की सीरीज के तीसरे मुकाबले में 3 विकेट से जीत दर्ज करते ही अफगानिस्तान ने विश्व कप में अपनी जगह पक्की कर ली। इसके साथ ही 2027 वनडे विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने वाली टीमों की संख्या 10 हो गई है।

आयरलैंड को हराकर पक्की की जगह

अफगानिस्तान ने तीसरे वनडे में आयरलैंड को 3 विकेट से मात दी। इस जीत के साथ टीम ने विश्व कप 2027 के लिए सीधे क्वालीफाई करने की अपनी स्थिति मजबूत कर ली। अफगानिस्तान इससे पहले 2023 में भारत की मेजबानी में हुए वनडे विश्व कप का भी हिस्सा थी। टीम ने उस टूर्नामेंट में अपने प्रदर्शन से क्रिकेट जगत को प्रभावित किया था।

2023 विश्व कप में किया था शानदार प्रदर्शन

अफगानिस्तान ने 2023 विश्व कप में कई मजबूत टीमों को हराकर अपनी क्षमता का परिचय दिया था। टीम ने श्रीलंका, इंग्लैंड और पाकिस्तान जैसी पूर्व विश्व चैंपियन टीमों को शिकस्त दी थी। अफगानिस्तान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी जीत के बेहद करीब पहुंच गई थी, लेकिन ग्लेन मैक्सवेल की ऐतिहासिक दोहरी शतकीय पारी ने मुकाबले का रुख पलट दिया था। आगामी विश्व कप में भी अफगानिस्तान से ऐसे ही प्रभावशाली प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

वेस्टइंडीज को खेलना होगा क्वालीफायर

वनडे विश्व कप 2027 के लिए वेस्टइंडीज सीधे क्वालीफाई करने में सफल नहीं रही है। अब उसे अगले साल फरवरी में होने वाले क्वालीफाइंग टूर्नामेंट में हिस्सा लेना होगा। इस टूर्नामेंट के विजेता को 2027 विश्व कप के दूसरे राउंड में सीधे प्रवेश मिलेगा, जबकि दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को सुपर सीरीज के नाम से होने वाले पहले राउंड में खेलना होगा।

लगातार दूसरी बार मुश्किल में वेस्टइंडीज

वेस्टइंडीज के लिए यह लगातार दूसरा मौका है जब उसे वनडे विश्व कप में जगह बनाने के लिए क्वालीफाइंग टूर्नामेंट का सहारा लेना पड़ेगा। 2023 में भी वेस्टइंडीज विश्व कप के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी थी। यह पहला मौका था जब वेस्टइंडीज वनडे विश्व कप के मुख्य टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं बनी थी। अब टीम के सामने 2027 विश्व कप में जगह बनाने के लिए क्वालीफायर में अच्छा प्रदर्शन करने की चुनौती होगी।

विश्व कप के लिए 10 टीमें तय

अफगानिस्तान के क्वालीफाई करने के साथ ही वनडे विश्व कप 2027 के लिए अब तक 10 टीमों की स्थिति स्पष्ट हो गई है। इनमें भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे शामिल हैं। दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे मेजबान होने के कारण पहले ही टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं। अब बाकी स्थानों के लिए क्वालीफाइंग प्रक्रिया के जरिए टीमों का फैसला होगा। (इनपुट: आईएएनएस)