प्रतिक्रिया | Sunday, September 08, 2024

सोनिया गांधी और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव सहित 14 नेताओं ने ली राज्यसभा सांसद की शपथ

राज्यसभा में कुल 54 सांसदों का कार्यकाल इस वर्ष अप्रैल में खत्म हो गया है। ऐसे में चुने गए राज्यसभा सदस्य सांसद पद की शपथ ले रहे हैं। इसी क्रम में कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के अलावा केंद्रीय रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव और 14 अन्य नेताओं ने राज्यसभा सांसद के तौर पर शपथ ली है। जहां एक तरफ सोनिया गांधी ने राजस्थान से तो वहीं अश्विनी वैष्णव ने ओडिशा से राज्यसभा सांसद के तौर पर शपथ ली। राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने उन्हें शपथ दिलाई।

इन नेताओं ने भी ली शपथ
भाजपा नेता आरपीएन सिंह उत्तर प्रदेश से, भाजपा सदस्य समिक भट्टाचार्य ने पश्चिम बंगाल से राज्यसभा सांसद के तौर पर शपथ ली है। कांग्रेस नेता अजय माकन ने कर्नाटक से,वाईएसआरसीपी के गोला बाबू, मेधा रघुनाथ रेड्डी, येरुम वेंकट सुब्बा रेड्डी ने आंध्र प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले सदस्यों के रूप में शपथ ली है।
जदयू के संजय कुमार झा ने भी बिहार से सदस्य के रूप में शपथ ली, बीजद के सुभाशीष खुंटिया और देबाशीष सामंतराय ने ओडिशा से सदस्य के रूप में शपथ ली, जबकि भाजपा के मदन राठौड़ ने राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हुए राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली।

राज्यसभा सांसद बनने वाली गांधी परिवार की दूसरी सदस्य
राज्यसभा सदस्य के तौर पर सोनिया गांधी अपनी नई पारी शुरू कर रही हैं। इससे पहले सोनिया गांधी रायबरेली से लोकसभा सांसद रहींं। सोनिया गांधी के शपथ के मौके पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और रॉबर्ट वाड्रा भी मौजूद रहे।
राज्यसभा सदस्य के तौर पर 77 वर्षीय सोनिया गांधी का यह पहला कार्यकाल है। सोनिया रायबरेली लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर रही थीं। वह अब लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी। वर्ष 1999 में कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभालने के बाद वह पहली बार लोकसभा सदस्य चुनी गई थीं। तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बाद सोनिया गांधी राज्यसभा में प्रवेश करने वाली गांधी परिवार की दूसरी सदस्य हैं। इंदिरा गांधी अगस्त 1964 से फरवरी 1967 तक राज्यसभा की सदस्य थीं।

इससे पहले बुधवार को संसद भवन में राज्यसभा के 12 निर्वाचित सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ ली। राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने वालों में डॉ. एल मुरुगन, धर्मशीला गुप्ता, मनोज कुमार झा, संजय यादव, गोविंदभाई लालजीभाई ढोलकिया, सुभाष चंदर, हर्ष महाजन, जी.सी. चन्द्रशेखर, अशोक सिंह, चंद्रकांत हंडोरे, मेधा विश्राम कुलकर्णी और साधना सिंह शामिल हैं। बता दें कि जैसे-जैसे कार्यकाल खत्म हो रहा है, वैसे-वैसे निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई जा रही है।

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 7718070
आखरी अपडेट: 7th Sep 2024