प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सशस्त्र बलों को ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए बधाई दी है। सोमवार को तीनों सेनाओं के सैन्य कमांडरों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए सशस्त्र बलों की संयुक्तता, आत्मनिर्भरता और नवाचार को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। उन्होंने समुद्री डकैती रोधी अभियानों व संघर्षग्रस्त क्षेत्रों से भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी में सशस्त्र बलों की महत्वपूर्ण भूमिका को सराहा। पीएम मोदी ने राष्ट्र निर्माण व मित्र देशों को मानवीय सहायता एवं आपदा राहत प्रदान करने में भी सशस्त्र बलों की प्रशंसा की है।
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए बधाई दी
पीएम मोदी ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए सशस्त्र बलों को ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए बधाई दी। उन्होंने राष्ट्र निर्माण, समुद्री डकैती रोधी अभियानों, संघर्षग्रस्त क्षेत्रों से भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी तथा मित्र देशों को मानवीय सहायता एवं आपदा राहत प्रदान करने में सशस्त्र बलों की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की।
रक्षा मंत्रालय को निर्देश दिया
उन्होंने वर्ष 2025 को रक्षा क्षेत्र में सुधारों का वर्ष बताते हुए रक्षा मंत्रालय को निर्देश दिया कि भविष्य की चुनौतियों का सामना करने और किसी भी परिस्थिति में विजयी होने के लिए संयुक्तता, आत्मनिर्भरता और नवाचार को बढ़ावा देने हेतु ठोस कदम जल्द से जल्द लागू किए जाएं। इस दौरान, प्रधानमंत्री मोदी को ऑपरेशन सिंदूर के बाद बने नए परिदृश्य में सशस्त्र बलों की संचालनिक तत्परता, उभरती प्रौद्योगिकियों और युद्धक रणनीतियों के परिप्रेक्ष्य में भविष्य के युद्ध तथा बीते दो वर्षों में लागू सुधारों और आने वाले दो वर्षों की योजनाओं के बारे में अवगत कराया गया।
सशस्त्र बलों की एक बेहद महत्वपूर्ण ‘संयुक्त कमांडर्स कांफ्रेंस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सोमवार को ‘संयुक्त कमांडर्स कांफ्रेंस’ का उद्घाटन किया। आने वाले दो दिनों में यह सम्मेलन विभिन्न संरचनात्मक, प्रशासनिक और संचालनिक मुद्दों की व्यापक समीक्षा करेगा। इसमें सभी सेनाओं से प्राप्त फीडबैक, वैश्विक अस्थिरताओं के बीच भारत की सैन्य तैयारी और प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप आगे की रोडमैप पर गहन चर्चा की जाएगी। भारतीय सशस्त्र बलों की यह एक बेहद महत्वपूर्ण ‘संयुक्त कमांडर्स कांफ्रेंस’ है।
विभिन्न मुद्दों पर होगा गहन विचार विमर्श
इस संयुक्त कमांडर्स कांफ्रेंस में थलसेना, वायुसेना व नौसेना सेना के टॉप कमांडर्स मौजूद हैं। यहां साझा रणनीति, संयुक्त ऑपरेशन समेत विभिन्न मुद्दों पर गहन विचार विमर्श किया जाएगा। 15 से 17 सितंबर तक पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में संयुक्त कमांडर्स कांफ्रेंस 2025 का आयोजन हो रहा है। (इनपुट-एजेंसी)


