प्रतिक्रिया | Friday, July 26, 2024

29/12/23 | 4:01 pm

2030 तक देश में होंगे 200 हवाई अड्डे, दुनिया का सबसे बड़ा घरेलू विमानन बाजार बनने की ओर अग्रसर 

नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अगले 10 साल के लक्ष्य पर नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अहम बयान दिया है। इस विषय में नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि 2030 तक देश में हवाई अड्डों की कुल संख्या 200 तक पहुंच जाएगी। 

वर्ष 2014 तक, देश में केवल 74 हवाई अड्डों में हो रहा था कामकाज 

ज्ञात हो, वर्ष 2014 तक, देश में केवल 74 हवाई अड्डों में कामकाज हो रहा था। मार्च 2023 तक, सरकार ने 75 अन्य हवाईअड्डों/हेलीकॉप्टरों/वाटर एयरोड्रोमों में कामकाज शुरू कर दिया। भारत सरकार का लक्ष्य इस संख्या को आगे बढ़ाकर 200 तक ले जाना है।

देश में 75 नए हवाई अड्डे बनाए 

नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि हमने देश में 75 नए हवाई अड्डे बनाए हैं। पिछले 9 वर्षों में देश में हवाई अड्डों की कुल संख्या 149 हो गई है और 2030 तक देश में हवाई अड्डों की कुल संख्या 200 तक पहुंच जाएगी।

यूपी में 10वें हवाई अड्डे का होगा उद्घाटन

इसी क्रम में आगे की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा, उत्तर प्रदेश राज्य में केवल 6 हवाई अड्डे थे और अब 9 हैं। 10वें हवाई अड्डे का उद्घाटन शनिवार को होगा। दरअसल शनिवार के दिन अयोध्या हवाई अड्डे का उद्घाटन होगा जो भारत के लिए ऐतिहासिक दिन बनेगा। इस संबंध में नागरिक उड्डयन मंत्री ने कहा, कल न केवल नागरिक उड्डयन के लिए, न केवल अयोध्या शहर के लिए, न केवल उत्तर प्रदेश के लिए, न केवल भारत के लिए बल्कि उन सभी के लिए एक ऐतिहासिक दिन होने जा रहा है जो हिंदू धर्म के प्रति हमारी आत्मा की जीवंतता और प्रतिबद्धता में विश्वास करते हैं।

अगले साल तक यूपी में हो जाएंगे 9 और हवाई अड्डे 

नागरिक उड्डयन मंत्री ने यह भी कहा कि अगले साल तक उत्तर प्रदेश में 9 और हवाई अड्डे हो जाएंगे। इसके साथ ही यह संख्या 19 हो जाएगी। उन्होंने कहा कि दो महीने बाद पांच हवाई अड्डों, आजमगढ़, अलीगढ़, मुरादाबाद, श्रावस्ती और चित्रकूट में एक-एक का एक साथ उद्घाटन किया जाएगा।

भारत तीसरा सबसे बड़ा घरेलू विमानन बाजार

उल्लेखनीय है कि भारत तीसरा सबसे बड़ा घरेलू विमानन बाजार है। यहां घरेलू यात्रियों की कुल संख्या 2014 में 60 मिलियन थी जो कोविड-19 से पहले 2020 में दोगुनी से अधिक बढ़कर 143 मिलियन हो गई थी। अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की संख्या 43 मिलियन से बढ़कर 64 मिलियन (लगभग 50 प्रतिशत की वृद्धि) हो गई है। विमान के संदर्भ में, कोविड-19 के प्रभाव के बावजूद विमानों की संख्या 2014 में लगभग 400 से बढ़कर 2023 में 723 के करीब हो गई है।

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 5516655
आखरी अपडेट: 26th Jul 2024