प्रतिक्रिया | Thursday, September 19, 2024

भारत और रूस के बीच 22 वां वार्षिक शिखर सम्मेलन आज, पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन के बीच होगी अहम चर्चा

 

पीएम मोदी आज मास्को में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ भारत और रूस के बीच 22वें वार्षिक शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करेंगे। वार्षिक शिखर सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन रक्षा, व्यापार संबंध, निवेश संबंध, ऊर्जा सहयोग, शिक्षा, संस्कृति और लोगों के बीच आदान-प्रदान सहित द्विपक्षीय मुद्दों की पूरी सीरीज की समीक्षा करेंगे।

इन मुद्दों पर होगी चर्चा
दोनों नेता आपसी हितों के क्षेत्रीय और वैश्विक विकास पर भी अपने विचार साझा करेंगे। दोनों नेता ब्रिक्स, शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ), G20, पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन और संयुक्त राष्ट्र जैसे समूहों में द्विपक्षीय जुड़ाव की स्थिति का भी आकलन करेंगे।

रूसी कलाकारों ने किया भव्य स्वागत
बता दें कि पीएम मोदी रूस और ऑस्ट्रिया की तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर सोमवार शाम मास्को पहुंचे। जहां पीएम का रूस के प्रथम उप प्रधानमंत्री डेनिस मंटुरोव ने वनुकोवो-II एयरपोर्ट पर उनका औपचारिक स्वागत किया। इस दौरान रूसी कलाकारों ने मास्को में प्रधानमंत्री के स्वागत में भारतीय गीत प्रस्तुत किए। राष्ट्रपति पुतिन ने कल शाम प्रधानमंत्री के लिए एक निजी रात्रिभोज का भी आयोजन किया।

भारतीय समुदाय से मिलेंगे पीएम
वहीं आज प्रधानमंत्री मोदी रूस में भारतीय समुदाय के साथ बातचीत करेंगे। वह क्रेमलिन में अज्ञात सैनिक की समाधि पर पुष्पांजलि भी अर्पित करेंगे और मॉस्को में प्रदर्शनी स्थल पर रोसाटॉम मंडप का दौरा करेंगे। इन मुलाकातों के बाद दोनों नेताओं के बीच प्रतिबंधित स्तर की वार्ता होगी, जिसके बाद प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होगी।

आज ऑस्ट्रिया में पीएम का कार्यक्रम
दो देशों की अपनी यात्रा के दूसरे चरण में पीएम आज ऑस्ट्रिया के चांसलर के निमंत्रण पर ऑस्ट्रिया जाएंगे। यह पीएम मोदी की ऑस्ट्रिया की पहली यात्रा होगी। वह ऑस्ट्रिया के चांसलर के साथ प्रतिबंधित प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के साथ-साथ उच्च स्तरीय व्यापारिक भागीदारी भी करेंगे। भरतनाट्यम नृत्यांगना और ऑस्ट्रो-इंडियन एसोसिएशन की अध्यक्ष डॉ. राधा अंजलि ने कहा कि पीएम मोदी की ऑस्ट्रिया यात्रा दोनों देशों के संबंधों के लिए महत्वपूर्ण है।

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 8313839
आखरी अपडेट: 20th Sep 2024