22/12/23 | 4:24 pm

Print

 30 दिसंबर को अयोध्या को मिलेगा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, प्राण प्रतिष्ठा का होगा ‘ग्रैंड रिहर्सल’ आयोजन 

 

 

एक महीने बाद 22 जनवरी 2024 को अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होना है। राज्य सरकार विशाल आयोजन का 'ग्रैंड रिहर्सल' कराने जा रही है। दरअसल, पीएम मोदी आगामी 30 दिसंबर को अयोध्या में एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन के उद्घाटन के अवसर पर अयोध्या की साज-सज्जा का इंतजाम ठीक वैसा ही होगा, जैसा 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के लिए किया जाएगा। इसलिए 30 दिसंबर की तैयारियों को 22 जनवरी के लिए ग्रैंड रिहर्सल के तौर पर माना जा रहा है।

30 दिसंबर को अयोध्या को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट

दरअसल, सीएम योगी ने ग्रैंड रिहर्सल की तैयारियां करने का निर्देश दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आगामी 30 दिसंबर को अयोध्या को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, भव्य रेलवे स्टेशन सहित हजारों करोड़ की योजनाओं की सौगात देंगे। इसे लेकर मुख्यमंत्री ने गुरुवार को अयोध्या का दौरा किया था। उन्होंने प्रदेश के मुख्य सचिव को निर्देशित किया है कि 30 दिसंबर को प्रधानमंत्री के कार्यक्रमों के दौरान अयोध्या को ठीक वैसे ही सजाया जाए, जैसे 22 जनवरी के लिए तैयारी है।

फुटपाथ पर भी होगी साज-सज्जा
सीएम योगी के स्पष्ट निर्देश हैं कि अयोध्या में चार प्रमुख मार्ग- राम पथ, भक्ति पथ, जन्मभूमि पथ व धर्म पथ को आकर्षक ढंग से पुष्पों से सजाया जाए। इस दौरान फुटपाथ पर सुंदर फूलों वाले गमलों से साज-सज्जा की जाए। साथ ही राम पथ के फुटपाथ व मुख्य कैरेज-वे के बीच में आकर्षक रेलिंग लगाई जाएं। चारों प्रमुख मार्गों पर लाइट एवं फसाड के कार्य एक हफ्ते में ही पूरे कर लिए जाएं। इसमें पीडब्लूडी, राजकीय निर्माण निगम, विकास प्राधिकरण और अयोध्या नगर निगम के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होना चाहिए। अयोध्या विश्वस्तरीय पर्यटन सिटी के रूप में नजर आनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया है कि प्रधानमंत्री के आगामी अयोध्या दौरे को प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के ग्रैंड रिहर्सल के रूप में आयोजित किया जाए। हाई-वे से नयाघाट की तरफ आ रहे धर्म पथ की भी सजावट आकर्षक होनी चाहिए और एयरपोर्ट से नयाघाट के मार्ग को उसी प्रकार आकर्षक फूलों से सजाया जाय जिस प्रकार सुलतानपुर रोड से एयरपोर्ट फोरलेन मार्ग को सजाया गया है।

सीएम ने कहा है कि राष्ट्रीय राजमार्ग लखनऊ-गोरखपुर में अयोध्या बाईपास की रेलिंग को आकर्षक रंगों से पेंट किया जाय तथा उसकी मीडियन में आकर्षक फूल व गमले आदि रखे जाएं। एनएचआई बाईपास मार्ग के डिवाइडर पर जो सजावट की जा रही है, उनमें बेहतर शाइनिंग दिखनी चाहिए। अयोध्या में कहीं भी सड़कों पर धूल तथा गंदगी नहीं दिखनी चाहिए। अयोध्या में प्रधानमंत्री का स्वागत पुष्पवर्षा करके किया जाए। अयोध्या एयरपोर्ट से लेकर शहर के अन्य विभिन्न स्थानों पर गेट बनाये जाएं तथा उन्हें बेहतर ढंग से सजाने की व्यवस्था की जाए।

प्राण प्रतिष्ठा से पहले अयोध्या में होंगे कई कार्यक्रम
रामोत्सव-2024 की तैयारी में जुटी यूपी सरकार इस एक माह में न सिर्फ अयोध्या को बल्कि पूरे प्रदेश को राममय बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। अयोध्या में रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के मद्देनजर मुख्यमंत्री के निर्देश पर विभिन्न रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सरकार भारत के इतिहास में अबतक के इस सबसे बड़े ग्रैंड इवेंट के लिए 100 करोड़ रुपये से अधिक खर्च कर रही है। माना जा रहा है कि 30 दिसंबर से अयोध्या में उत्सवों की शुरुआत हो जाएगी। यही नहीं प्रदेश के सभी जिलों में विभिन्न सांस्कृतिक आयोजन भी होंगे। भजन-कीर्तन, रामकथा, प्रवचन और रामलीलाओं के मंचन के साथ ही अन्य भक्तिमय सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। इस एक माह में देश के प्रख्यात कथावाचक और सुप्रसिद्ध गायकों को अयोध्या में अपनी प्रस्तुति देने का अवसर भी मिलेगा।
 

RELATED ARTICLES

32 mins ago | India growth

पीएम मोदी ने साझा किया संस्कृत सुभाषितम्, कहा- देशवासियों के गुणों से बढ़ रहा भारत का सामर्थ्य

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को एक संस्कृत सुभाषितम् साझा करते हुए कहा कि वैश्विक मंच ...

49 mins ago | CMPDIL MECL MoU

सीएमपीडीआईएल और एमईसीएल के बीच खनिज अन्वेषण को लेकर एमओयू

केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने 14 मई 2026 को रांची में केंद्रीय खान योजना एव...