देशभर में आज रविवार को ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ के 45वें संस्करण का आयोजन किया गया। इस मौके पर युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने नई दिल्ली में साइकिलिंग करते हुए इस अभियान का नेतृत्व किया और नागरिकों से फिटनेस को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की। इस आयोजन में देश के 6,000 से अधिक स्थानों पर 50,000 से ज्यादा लोगों ने भाग लिया। यह कार्यक्रम फिटस्पायर, गोल्ड जिम, फिटनेस फर्स्ट और कल्ट फिट जैसी जिम सीरीज के सहयोग से आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य फिटनेस और साइकिलिंग को एक जन आंदोलन के रूप में बढ़ावा देना है।
बॉक्सर मीनाक्षी हुड्डा ने आईएएनएस से कहा, “मैं बॉक्सिंग के जरिए खुद को फिट रखती हूं। जो लोग खेलों से दूर हैं, उन्हें भी फिटनेस को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी और खेल मंत्री ने देश को फिट बनाने के लिए जो मुहिम शुरू की है, उसमें अब लोग रुचि दिखा रहे हैं। साइकिलिंग, योग और वॉकिंग से भी फिट रहा जा सकता है।”
‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ की शुरुआत दिसंबर 2024 में हुई थी। यह फिट इंडिया मूवमेंट का हिस्सा है, जिसे युवा मामले और खेल मंत्रालय ने साइकिलिंग को फिटनेस अभियान के रूप में बढ़ावा देने के लिए शुरू किया था। यह न केवल लोगों को स्वस्थ रखने का प्रयास है, बल्कि प्रदूषण और मोटापे जैसी समस्याओं के खिलाफ एक जन आंदोलन बन चुका है।
खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा, “एक समृद्ध और विकसित राष्ट्र के लिए नागरिकों का स्वस्थ और फिट होना बहुत जरूरी है। फिट इंडिया अभियान का मकसद लोगों में ‘आधा घंटा रोज, फिटनेस का डोज’ का संदेश पहुंचाना है। मैं हर भारतीय से आग्रह करता हूं कि रविवार को साइकिल चलाएं और अपनी फिटनेस का स्तर बनाए रखें।”-(IANS)


