प्रतिक्रिया | Wednesday, May 08, 2024

27/04/24 | 10:23 am

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 88 सीटों पर 60.96 फीसदी मतदान

आम लोकसभा चुनाव 2024 के दूसरे चरण में 88 सीटों के लिए मतदान बीते शुक्रवार को सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। गौरतलब है कि मतदान सुबह 7 बजे से लेकर शाम सात बजे तक चला। इस दौरान लगभग 60.96 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। 13 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के मतदाताओं ने गर्मी के बावजूद भी अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उत्साहपूर्वक वोट डालने पहुंचे।

मतदान केंद्रों पर नवविवाहितों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों, आदिवासियों से लेकर आईटी पेशेवरों,दिव्यांगों, महिलाओं और युवाओं तक सभी वोट डालने के लिए कतारों में खड़े नजर आए। दूसरे चरण के समापन के साथ ही आम चुनाव 2024 के लिए 88 सीटों पर उम्मीदावरों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई।

शांतिपूर्वक संपन्न हुआ दूसरे चरण का मतदान

छिटपुट घटनाओं को छोड़ दें तो सभी राज्यों केंद्रशासित प्रदेशों में मतदान सुचारू और शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के नेतृत्व में अन्य आयुक्तों ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू के साथ सुबह से ही मतदान प्रक्रिया की निगरानी में लगे रहे। मतदान के दौरान कानून और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के पुख्ता इंतजाम किए गए जिससे मतदाताओं के लिए बिना किसी डर या भय के वोट डाल सकें। इसी के साथ करीब एक लाख से अधिक मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की गई।

लोगों ने पारंपरिक पोशाक पहन किया मतदान

गर्मी में मतदाताओं की सुविधा के लिए बिहार के बांका, मधेपुरा, खगड़िया और मुंगेर निर्वाचन क्षेत्रों के कई मतदान केंद्रों पर मतदान का समय शाम 6 बजे तक बढ़ा दिया गया था। गर्मी से निपटने के लिए शामियाना, पीने का पानी, चिकित्सा किट, पंखे की व्यवस्था सहित विशेष व्यवस्था की गई। मतदान अधिकारी और मतदाता समान रूप से “चुनाव का पर्व” मनाने के लिए अपनी पारंपरिक पोशाक में आए। राजस्थान के सीकर में महिला मतदाता गर्मी का सामना करते हुए अपनी पारंपरिक पोशाक में नजर आईं। कर्नाटक के वरुणा निर्वाचन क्षेत्र में मतदान कर्मचारियों ने पारंपरिक पोशाक पहनकर मतदाताओं का स्वागत किया।

दूलरे चरण में छत्तीसगढ़ के बस्तर और कांकेर संसदीय क्षेत्रों के 46 गांवों के मतदाताओं ने लोकसभा चुनाव में पहली बार अपने ही गांव में स्थापित मतदान केंद्र में वोट डाला। इस प्रकार पहले चरण सहित, कुल मिलाकर ग्रामीणों की सुविधा के लिए पहली बार 102 नए मतदान केंद्र स्थापित किए गए थे।

चुनाव आयोग ने विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी), बुजुर्ग, युवा और पहली बार मतदाताओं, महिलाओं और ट्रांसजेंडरों के बीच मतदान की सुविधा के लिए विशेष प्रयास किए थे। क्रिकेट के सुपरस्टार अनिल कुंबले, राहुल द्रविड़ और जवागल श्रीनाथ सहित अन्य को बेंगलुरु के विभिन्न मतदान केंद्रों पर जाकर मतदान किया। अपनी स्याही लगी उंगलियों की सेल्फी लेकर उन्होंने युवाओं को चुनावी प्रक्रिया में भागीदारी के महत्व का संदेश दिया।

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 1327648
आखरी अपडेट: 8th May 2024