प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को भारत और स्लोवाकिया के बीच एक अनोखे सांस्कृतिक संबंध का उल्लेख करते हुए कहा कि कला और संस्कृति में लोगों तथा देशों को एक-दूसरे के करीब लाने की अद्भुत क्षमता होती है।
यह टिप्पणी प्रधानमंत्री मोदी ने ब्रातिस्लावा स्थित राष्ट्रपति भवन में वाराणसी पर आधारित एक विशेष कला प्रदर्शनी देखने के बाद की। इस प्रदर्शनी में उन स्लोवाक कलाकारों की कृतियां भी शामिल थीं, जिन्होंने हाल ही में वाराणसी का दौरा किया था और वहां की संस्कृति, आध्यात्मिकता और जीवनशैली से प्रेरित होकर चित्र बनाए थे।
सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, “ब्रातिस्लावा में बनारस का जुड़ाव! कल राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी और मैंने वाराणसी पर आधारित एक आकर्षक प्रदर्शनी देखी, जिसमें हाल ही में वाराणसी का दौरा करने वाले स्लोवाक कलाकारों की कृतियां भी शामिल थीं। कला और संस्कृति वास्तव में लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने की अनोखी क्षमता रखती हैं। इस प्रदर्शनी में शामिल सभी कलाकारों को मेरी शुभकामनाएं।”
प्रधानमंत्री मोदी और स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित इस चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी का विषय ‘वाराणसी सिटी’ था, जिसमें भारत के सबसे प्राचीन जीवंत शहरों में से एक वाराणसी की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक जीवनशैली को चित्रों के माध्यम से दर्शाया गया था।
विदेश मंत्रालय (एमईए) ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर प्रदर्शनी की कुछ तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि दोनों नेताओं ने स्लोवाक कलाकारों द्वारा वाराणसी की रचनात्मक प्रस्तुति की सराहना की।
एमईए के अनुसार, प्रदर्शनी में प्रदर्शित चित्रों में वाराणसी की धार्मिक परंपराएं, घाटों का जीवन, सांस्कृतिक विविधता और शहर की जीवंतता को विशेष रूप से उकेरा गया था। हाल ही में वाराणसी की यात्रा करने वाले स्लोवाक कलाकारों ने शहर के वातावरण और परंपराओं से प्रेरित होकर अपनी कलाकृतियां तैयार की थीं।
दोनों नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि कला और संस्कृति भारत तथा स्लोवाकिया के बीच संबंधों को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम हैं और यह दोनों देशों के लोगों को आपस में जोड़ने का कार्य करती हैं।
इस बीच, स्लोवाकिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)’ से सम्मानित किया। यह किसी विदेशी देश द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को दिया गया 33वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “ब्रातिस्लावा में ‘ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)’ प्राप्त कर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मैं स्लोवाकिया की सरकार और वहां के लोगों का आभारी हूं। यह सम्मान भारत के 140 करोड़ लोगों का सम्मान है। मैं इसे भारत और स्लोवाकिया की स्थायी मित्रता को समर्पित करता हूं।”
-(इनपुटःएजेंसी)


