मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ गुरुवार को ग्वालियर में आयोजित होने वाले एक बड़े कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे।
अमित शाह दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की औद्योगिक परियोजनाओं का करेंगे भूमिपूजन और उद्घाटन
पूर्व प्रधानमंत्री और ‘भारत रत्न’ अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर ‘अभ्युदय मध्य प्रदेश ग्रोथ समिट’ का आयोजन किया जा रहा है। इस मौके पर मुख्यमंत्री मोहन यादव की सरकार कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की घोषणा करेगी। कार्यक्रम के दौरान अमित शाह दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की औद्योगिक परियोजनाओं का भूमिपूजन और उद्घाटन करेंगे। गृह मंत्री अमित शाह के गुरुवार को ग्वालियर में शिंदे की छावनी स्थित अटल बिहारी वाजपेयी के पैतृक घर जाने की भी संभावना है।
आयोजन केवल निवेश प्रस्तावों और औद्योगिक घोषणाओं तक सीमित नहीं
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा,“यह आयोजन केवल निवेश प्रस्तावों और औद्योगिक घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक समग्र दृष्टिकोण प्रस्तुत करता है, जिसमें उद्योग, शहरी विकास, पर्यटन, स्टार्ट-अप और रोजगार एक साथ आगे बढ़ते दिखाई देंगे।”
प्रतिष्ठित उद्योग जगत के नेता और निर्णयकर्ता एक ही मंच पर रहेंगे मौजूद
समिट की प्रमुख विशेषताओं में देशभर के शीर्ष उद्योगपतियों और कॉरपोरेट नेताओं की व्यापक भागीदारी शामिल है। ऊर्जा, नवीकरणीय ऊर्जा, ऑटोमोबाइल, टेक्सटाइल, फूड प्रोसेसिंग, सीमेंट, एफएमसीजी और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों के प्रतिष्ठित उद्योग जगत के नेता और निर्णयकर्ता एक ही मंच पर मौजूद रहेंगे।
केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी एक दूरदर्शी नेता थे
स्थानीय भाजपा नेता और केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, जो बुधवार को ग्वालियर पहुंचे थे, ने मीडिया से बातचीत में कहा कि दिवंगत अटल बिहारी वाजपेयी एक दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने भारत को विकास की दिशा में आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि देश और मध्य प्रदेश में दिखाई दे रहे कई सकारात्मक बदलावों की नींव अटल बिहारी वाजपेयी ने ही रखी थी।
किसानों, युवाओं और आम नागरिकों के लिए विकास और प्रगति के नए अवसर
सिंधिया ने आगे कहा, “यह एक नया मध्य प्रदेश है, जो किसानों, युवाओं और आम नागरिकों के लिए विकास और प्रगति के नए अवसर पैदा कर रहा है। आज मध्य प्रदेश अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है, और यह अटल जी के विजन का सच्चा प्रतिबिंब है।” (इनपुट-आईएएनएस)


