‘वन नेशन, वन हेल्थ आईडी’ की दिशा में बड़ा कदम: राजस्थान में ABHA ID उपयोग अनिवार्य

राजस्थान में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक पारदर्शी और डिजिटल बनाने के लिए इंटीग्रेटेड हेल्थ मैनेजमेंट सिस्टम (IHMS) में आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (ABHA ID) का उपयोग अब अनिवार्य कर दिया गया है।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के निर्देशन में यह कदम राजस्थान डिजिटल हेल्थ मिशन के तहत उठाया गया है, जिसका उद्देश्य राज्यभर में स्वास्थ्य सेवाओं को एकीकृत और सुगम बनाना है।

प्रमुख सचिव (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) गायत्री राठौड़ ने बताया कि मुख्यमंत्री निरोगी राजस्थान योजना (MNNRY) के तहत स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करने वाले सभी नागरिकों का पंजीकरण अब ABHA ID से IHMS में किया जाएगा। सभी अस्पतालों को OPD और IPD पंजीकरण के समय मरीज की ABHA ID लिंक करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि “वन नेशन, वन हेल्थ आईडी” की अवधारणा को आगे बढ़ाया जा सके।

डॉ. अमित यादव, मिशन निदेशक (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन), ने बताया कि ABHA ID प्रत्येक नागरिक की एक यूनिक डिजिटल पहचान है, जो उनके सभी स्वास्थ्य रिकॉर्ड्स को एक ही प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित रखती है। नागरिक अपने स्वास्थ्य विवरण मोबाइल ऐप या पोर्टल पर देख सकते हैं और डॉक्टरों से डिजिटल रूप में साझा कर सकते हैं, जिससे उपचार प्रक्रिया तेज़, सटीक और पेपरलेस हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि जनसांख्यिकीय प्रमाणीकरण (Demographic Authentication) असफल होने पर ABHA ID OTP-आधारित प्रणाली से बनाई जाएगी। अस्पतालों को “स्कैन एंड शेयर” मैकेनिज़्म अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया है।

अब तक 6.37 करोड़ से अधिक ABHA ID जारी की जा चुकी हैं, और सभी संस्थानों को 100 प्रतिशत ABHA-लिंक्ड पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

-(इनपुटःएजेंसी)