Print

‘वन नेशन, वन टाइम’ की ओर बड़ा कदम, व्हाइट रैबिट टेक्नोलॉजी आधारित IST नेटवर्क का उद्घाटन

केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने गुरुवार को बेंगलुरु के जक्कूर स्थित रीजनल रेफरेंस स्टैंडर्ड्स लेबोरेटरी (RRSL) में ‘व्हाइट रैबिट टेक्नोलॉजी’ आधारित भारतीय मानक समय (IST) वितरण प्रदर्शन नेटवर्क का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि ‘वन नेशन, वन टाइम’ पहल के तहत शुरू किया गया यह नेटवर्क पूरे देश में एक समान, अत्यधिक सटीक और सुरक्षित समय प्रणाली स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि इस तकनीक के जरिए भारत को समय निर्धारण के लिए GPS जैसे विदेशी स्रोतों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे देश की डिजिटल अवसंरचना (Digital Infrastructure) अधिक सुरक्षित होगी और साइबर हमलों तथा डेटा में छेड़छाड़ जैसे जोखिमों को कम करने में मदद मिलेगी।

मंत्री के अनुसार, यह उच्च-परिशुद्धता (High Precision) समय समन्वय प्रणाली शेयर बाजार, डिजिटल बैंकिंग, ऑनलाइन भुगतान, दूरसंचार नेटवर्क और राष्ट्रीय बिजली ग्रिड जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं के सुरक्षित और सुचारु संचालन में अहम भूमिका निभाएगी।

इस परियोजना की नोडल एजेंसी उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय का लीगल मेट्रोलॉजी प्रभाग है। इसे नेशनल फिजिकल लेबोरेटरी (NPL), इसरो (ISRO), बीएसएनएल (BSNL) और सेबी (SEBI) के सहयोग से विकसित किया गया है।

सरकार के अनुसार, यह स्वदेशी प्रणाली वैश्विक कोऑर्डिनेटेड यूनिवर्सल टाइम (UTC) मानकों के अनुरूप काम करेगी। इससे भारत की आंतरिक सुरक्षा मजबूत होगी और देश को विश्वस्तरीय समय मानक उपलब्ध होगा।

प्रह्लाद जोशी ने कहा कि भविष्य में एक समान समय प्रोटोकॉल डिजिटल गवर्नेंस और सार्वजनिक सेवाओं में पारदर्शिता को मजबूत करने का आधार बनेगा।

कार्यक्रम में उपभोक्ता मामलों की सचिव निधि खरे, अतिरिक्त सचिव अनुपम मिश्रा, लीगल मेट्रोलॉजी के निदेशक आशुतोष अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

-PIB