प्रतिक्रिया | Friday, September 20, 2024

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान, 9-10 सितंबर तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। अबू धाबी के क्राउन प्रिंस के रूप में यह उनकी पहली भारत यात्रा है। उनके साथ यूएई सरकार के कई मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और एक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है। 

क्राउन प्रिंस प्रधानमंत्री मोदी से करेंगे द्विपक्षीय वार्ता

भारत आगमन पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। बताना चाहेंगे आज सोमवार 9 सितंबर को अबू धाबी के क्राउन प्रिंस प्रधानमंत्री से मुलाकात करेंगे और द्विपक्षीय सहयोग के कई क्षेत्रों पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा उनका राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मिलने का कार्यक्रम है। 

राजघाट पर महात्मा गांधी को पुष्पांजलि करेंगे अर्पित 

बताना चाहेंगे, अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित करने के लिए राजघाट भी जाएंगे।

10 सितंबर को क्राउन प्रिंस एक बिजनेस फोरम में लेंगे भाग 

तय कार्यक्रम के अनुसार 10 सितंबर को, अबू धाबी के क्राउन प्रिंस एक बिजनेस फोरम में भाग लेने के लिए मुंबई जाएंगे, जिसमें दोनों देशों के व्यापारिक लीडर्स भाग लेंगे।

भारत और यूएई के बीच ऐतिहासिक रूप से घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंध

उल्लेखनीय है कि भारत और यूएई के बीच ऐतिहासिक रूप से घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। हाल के वर्षों में, भारत और यूएई के बीच राजनीतिक, व्यापार, निवेश, कनेक्टिविटी, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, शिक्षा और संस्कृति सहित कई क्षेत्रों में व्यापक रणनीतिक साझेदारी गहरी हुई है। क्राउन प्रिंस की यात्रा भारत-यूएई द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करेगी और नए और उभरते क्षेत्रों में साझेदारी के लिए रास्ते खोलेगी। 

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 8322893
आखरी अपडेट: 20th Sep 2024