मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को तेजी देने के लिए हर जिले में ‘सीएम फेलो’ तैनात करने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को हुई उच्च-स्तरीय बैठक में उन्होंने जिला स्तर पर आर्थिक विकास को अधिक प्रभावी और परिणाम-उन्मुख बनाने पर जोर दिया।
जिला स्तर पर डेटा आधारित विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि एस्पिरेशनल ब्लॉक और एस्पिरेशनल शहरी स्थानीय निकाय कार्यक्रम की तर्ज पर जिला स्तर पर आर्थिक विकास को एविडेंस बेस्ड और रिजल्ट ओरिएंटेड बनाया जाए। इसके लिए जिला ओटीडी (वन ट्रिलियन डॉलर) सेल की आर्थिक और डेटा विश्लेषण क्षमता को मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
हर जिले में दो विशेषज्ञ होंगे तैनात
सीएम योगी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक जिले में दो विशेषज्ञ—एक आर्थिक विकास विशेषज्ञ और एक डेटा विश्लेषक—को ‘ओटीडी सीएम फेलो’ के रूप में नियुक्त किया जाए। ये विशेषज्ञ स्थानीय संसाधनों, निवेश के अवसरों और आर्थिक संभावनाओं का साक्ष्य-आधारित विश्लेषण करेंगे और जिला-केंद्रित विकास रणनीतियां तैयार करने में सहयोग देंगे।
मासिक और तिमाही रिपोर्टिंग होगी अनिवार्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि ओटीडी सीएम फेलो द्वारा की जाने वाली गतिविधियों की मासिक प्रगति रिपोर्ट ऑनलाइन अपलोड की जाए। साथ ही, प्रधान सचिव/सचिव स्तर पर तिमाही प्रगति रिपोर्ट और प्रेजेंटेशन भी सुनिश्चित किए जाएं। आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सुझाव आधारित रिपोर्ट तैयार कर जिला ओटीडी सेल को सौंपी जाएगी।
स्थानीय डेटा के नियमित विश्लेषण पर फोकस
उन्होंने निर्देश दिया कि विकास के रुझानों पर नजर रखने के लिए स्थानीय डेटा का नियमित विश्लेषण किया जाए और उसे बैठकों में प्रस्तुत किया जाए, ताकि नीति निर्माण अधिक सटीक और प्रभावी हो सके।
योग्यता के लिए तय किए जाएंगे मानदंड
ओटीडी सीएम फेलो के चयन के लिए उच्च शैक्षणिक योग्यता और तकनीकी विशेषज्ञता को अनिवार्य बताया गया। योजना विभाग के अनुसार, आर्थिक विकास विशेषज्ञ के लिए अर्थशास्त्र, अनुप्रयुक्त अर्थशास्त्र, अर्थमिति, वित्त या डेटा विज्ञान में स्नातकोत्तर डिग्री या एमबीए निर्धारित किया जा सकता है।
डेटा विश्लेषकों के लिए अलग योग्यता
डेटा विश्लेषक पद के लिए सांख्यिकी, अनुप्रयुक्त सांख्यिकी, अर्थमिति, व्यावसायिक विश्लेषण या डेटा विज्ञान में स्नातकोत्तर डिग्री या एमबीए को योग्यता के रूप में निर्धारित किया जा सकता है।
निवेश और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से जिला स्तर पर डेटा-आधारित निर्णय लेने की प्रक्रिया मजबूत होगी, जिससे निवेश संवर्धन, रोजगार सृजन और स्थानीय अर्थव्यवस्था के विकास में तेजी आएगी। (इनपुट: आईएएनएस)


