ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के अनुसार, राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से द्विपक्षीय बैठक करेंगे।
बिश्केक में SCO समिट और SCO प्लस बैठक में शामिल होंगे पेज़ेशकियन
सोमवार को ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA ने बताया कि पेज़ेशकियन SCO समिट और SCO प्लस बैठक में भाग लेने तथा संबोधन देने के लिए तेहरान से किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक के लिए रवाना हो गए हैं। दो दिवसीय यात्रा के दौरान वे कई नेताओं से द्विपक्षीय मुलाकातें करेंगे। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ व किर्गिस्तान, उज्बेकिस्तान और ताजिकिस्तान के राष्ट्रपति शामिल हैं। किर्गिज़ राष्ट्रपति सादिर जापारोव के निमंत्रण पर वे छठे वर्ल्ड नोमैड गेम्स के आधिकारिक उद्घाटन समारोह में भी शामिल होंगे।
युद्ध नहीं चाहते, लेकिन आक्रामकता का देंगे मजबूती से जवाब
इस यात्रा पर रवाना होने से पहले पेज़ेशकियन ने कहा कि ईरान युद्ध नहीं चाहता, लेकिन किसी भी आक्रामकता का मजबूती और दृढ़ संकल्प के साथ जवाब देगा। उन्होंने क्षेत्र में अस्थिरता को सभी देशों के लिए हानिकारक बताया और आर्थिक तथा सुरक्षा लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए एकजुटता की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने बैठक को बहुत महत्वपूर्ण करार देते हुए कहा कि क्षेत्र के अधिकांश नेता इसमें मौजूद रहेंगे। उनके अनुसार, जब कुछ अंतरराष्ट्रीय संस्थान दुनिया में एक एकीकृत स्थान बनाने की कोशिश कर रहे हैं, तब यह बैठक वैश्विक मंच पर विविध और स्वतंत्र आवाजों के अस्तित्व का प्रतीक है।
क्षेत्र के प्राचीन और सभ्य इतिहास का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हम ऐसे क्षेत्र में रहते हैं जिसका भाग्य, इतिहास और सभ्यता हजारों साल पुरानी है। यहां हमेशा संवाद, सह-अस्तित्व और विकास रहा है। शांति, सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और सभ्यता इसी भूमि से उत्पन्न हुई हैं, इसलिए आज की दुनिया में भी इस प्रवृत्ति को आगे बढ़ाना चाहिए।
पीएम मोदी भी पहुंचे बिश्केक, SCO समिट में लेंगे हिस्सा
इधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को बिश्केक पहुंच गए। उज्बेकिस्तान की राजकीय यात्रा पूरी करने के बाद यह उनके दो देशों के दौरे का अगला चरण है। हवाई अड्डे पर किर्गिज़ गणराज्य के कैबिनेट ऑफ मिनिस्टर्स के अध्यक्ष आदिलबेक कासिमालीव ने उनका स्वागत किया। पीएम मोदी किर्गिज़ राष्ट्रपति सादिर जापारोव के निमंत्रण पर बिश्केक का दौरा कर रहे हैं। 26वें SCO शिखर सम्मेलन में सदस्य देशों के नेता क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे तथा समूह के भीतर सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर विचार-विमर्श करेंगे। शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री कई द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। (इनपुट-एजेंसी)


