सात्विक सोलर और ओडिशा सरकार के बीच समझौता, गोपालपुर में बनेगा 3.6 GW प्लांट

सात्विक सोलर इंडस्ट्रीज ने ओडिशा के गोपालपुर में 3.6 गीगावाट क्षमता का सौर सेल विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने के लिए इंडस्ट्रियल प्रमोशन एंड इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन ऑफ ओडिशा लिमिटेड (आईपीआईसीओएल) के साथ प्रारंभिक समझौता किया है।

कंपनी के अनुसार, इस परियोजना से रोजगार के नए अवसर पैदा होने के साथ-साथ क्षेत्र में व्यापक औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

सात्विक ग्रीन एनर्जी लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशांत माथुर ने कहा कि ओडिशा में यह परियोजना कंपनी के लिए केवल विनिर्माण क्षमता बढ़ाने का कदम नहीं है, बल्कि बड़े स्तर पर उत्पादन, बेहतर एकीकरण और भविष्य के विकास की मजबूत नींव तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

नई इकाई गोपालपुर में कंपनी की व्यापक विनिर्माण योजना का हिस्सा होगी। कंपनी यहां पहले से ही 2.4 गीगावाट सौर सेल और 4 गीगावाट सौर मॉड्यूल की एकीकृत विनिर्माण इकाई के पहले चरण पर काम कर रही है।

कंपनी के अनुसार, पहले चरण में निर्माण और मशीनों की स्थापना से जुड़े कई महत्वपूर्ण काम पूरे हो चुके हैं और अब इकाई को चालू करने की दिशा में काम आगे बढ़ रहा है।

मशीनों की स्थापना तेजी से चल रही है और जल्द ही उत्पादन क्षमता बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। कंपनी ने बिजली आपूर्ति से जुड़ी महत्वपूर्ण तैयारियां भी पूरी कर ली हैं। इसके लिए बनाई गई 220 केवी विद्युत उपकेंद्र को चार्ज करने के लिए तैयार कर लिया गया है।

विनिर्माण लाइनों की स्थापना, परीक्षण और तकनीकी जांच अंतिम चरण में है। कंपनी के अनुसार, सौर सेल उत्पादन लाइन भी जल्द उत्पादन बढ़ाने के लिए तैयार होगी।

कंपनी ने बताया कि सितंबर में ALMM-II निरीक्षण प्रस्तावित है, जिसके बाद संयंत्र को बड़े स्तर पर व्यावसायिक उत्पादन के और करीब पहुंचने की उम्मीद है।

सात्विक सोलर के अनुसार, गोपालपुर में चरणबद्ध तरीके से विकसित की जा रही यह परियोजना एकीकृत और आधुनिक सौर विनिर्माण व्यवस्था तैयार करने पर केंद्रित है। इसका उद्देश्य उत्पादन क्षमता बढ़ाने के साथ गुणवत्ता, संचालन क्षमता और आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करना है।

(इनपुट-PTI)