Print

AI इंसानों के नियंत्रण में और मानवता के लिए उपयोगी होना चाहिए: सत्य नडेला

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और उसके इंसानों पर असर को लेकर जारी बहस के बीच Microsoft के CEO सत्य नडेला ने कहा है कि अत्याधुनिक AI का विकास इस सिद्धांत पर आधारित होना चाहिए कि वह मानवता के लिए उपयोगी हो और उसका नियंत्रण इंसानों के हाथ में रहे।

नडेला ने AI के विकास की रफ्तार को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि अगर बनाया गया AI मानवता की मदद नहीं करता और इंसानी नियंत्रण में नहीं रहता, तो ऐसी superintelligence को विकसित करने का कोई मतलब नहीं है।

उन्होंने कहा कि कंपनियों को अपने “unique and tacit knowledge” पर नियंत्रण बनाए रखने में सक्षम होना चाहिए। साथ ही, उन्हें लगातार सीखने वाले सिस्टम विकसित करने चाहिए, लेकिन इसके लिए किसी एक AI प्रोवाइडर पर निर्भर नहीं होना चाहिए।

AI के फायदे ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने पर जोर

नडेला ने कहा कि AI के विकास के साथ-साथ इसके लाभों को भी तेजी से और व्यापक स्तर पर फैलाने की जरूरत है, ताकि अलग-अलग देशों, समुदायों और कंपनियों को इसका फायदा मिल सके।

उन्होंने कहा कि इसके लिए ऐसा frontier AI ecosystem जरूरी है, जिसमें closed और open-source दोनों तरह के मॉडल विकसित हो सकें।

नडेला ने AI alignment को डिजाइन का मूल लक्ष्य बनाए रखने के लिए रिसर्च और “deliberate pacing” का समर्थन किया। उन्होंने embedded evaluators जैसे उपायों और AI के लिए जरूरी सुरक्षा तंत्र विकसित करने की व्यापक कोशिशों का भी समर्थन किया।

AI पर कुछ संस्थाओं का ही नियंत्रण नहीं होना चाहिए

Microsoft CEO ने कहा कि AI की उन्नत क्षमताओं पर कुछ गिनी-चुनी संस्थाओं का नियंत्रण नहीं होना चाहिए। इसके बजाय AI ecosystem में अलग-अलग देशों, क्षेत्रों और संस्थानों के साथ-साथ अकादमिक जगत की भी व्यापक भागीदारी होनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि Microsoft AI stack के हर स्तर पर व्यापक पहुंच और विकल्प, कंपनियों को अपने learning loops और models पर नियंत्रण तथा अपने first-party MAI models के लिए एक “Code of Conduct” को प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने कहा कि यह Code of Conduct अगले दिन सार्वजनिक परामर्श के लिए जारी किया जाएगा।

AI के तेजी से विकास को लेकर अन्य तकनीकी दिग्गज भी सावधानी की जरूरत जता चुके हैं। Anthropic के CEO Dario Amodei ने सितंबर की शुरुआत में चेतावनी दी थी कि AI में प्रगति इस तकनीक को समझने और नियंत्रित करने की कोशिशों से आगे निकल सकती है।

-(इनपुटः IANS)