प्रतिक्रिया | Saturday, September 07, 2024

नेपाल के काठमांडू में त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान दुर्घटनाग्रस्त

नेपाल के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार सुबह सौर्य एयरलाइंस का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई। सौर्य एयरलाइंस का यह विमान 9एन-एएमई (सीआरजे 200) पूर्वाह्न करीब 11 बजे काठमांडू से पोखरा के लिए उड़ान भरा था।

विमान में तकनीकी कर्मचारियों और चालक दल के सदस्यों सहित 19 लोग थे सवार

विमान में तकनीकी कर्मचारियों और चालक दल के सदस्यों सहित 19 लोग सवार थे। विमान के चालक दल में कैप्टन मनीष शाक्य और सह-पायलट सुशांत कटुवाल थे। इसके अलावा 17 अन्य लोगों में अमित मान महार्जन, सागर आचार्य, दिलीप वर्मा, मनु राज शर्मा, अश्विन निरौला, सुदीप लाल जोशी, सर्वेश मारसैंण, श्याम बिंदुकर, नवराज आले, राजाराम आचार्य, प्रिजा कटिवाडा, अधिराज शर्मा, उद्धब पुरी, यज्ञ प्रसाद पौडवाल, संतोष महतो, पुण्य रत्न साही और आरेफ रेडा थे। पुलिस ने बताया कि विमान को पोखरा क्षेत्रीय हवाई अड्डे पर रखरखाव के लिए ले जाया जा रहा था।

विमान ने पोखरा के लिए काठमांडू से भरी थी उड़ान

नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के अनुसार सौर्य एयरलाइंस का सीआरजे7 (Reg-9NAME) विमान स्थानीय समयानुसार सुबह 11:11 बजे पोखरा के लिए काठमांडू से उड़ान भरने के बाद दाएं मुड़ा और रनवे के पूर्वी हिस्से में एक जगह पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में आग लग गई।

उड़ान भरते ही विमान हो गया क्रैश

दुर्घटना होने के तुरंत बाद बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। हालांकि विमान में लगी आग पर अब काबू पा लिया गया है। 18 लोगों के शव बरामद किए गए हैं और एक घायल व्यक्ति को बचाकर अस्पताल ले जाया गया है। (इनपुट-हिंदुस्थान समाचार)

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 7711145
आखरी अपडेट: 7th Sep 2024