पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सोमवार को राज्य में भाजपा की ‘परिवर्तन यात्रा’ का शुभारंभ करेंगे। वह दक्षिण 24 परगना के मथुरापुर में यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे और उसके बाद एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

परिवर्तन यात्रा के जरिए जनसंकल्प मजबूत करने की कोशिश

अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि टीएमसी के कुशासन से परेशान बंगाल की जनता अब बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि इस जनसंकल्प को और मजबूत करने के लिए पश्चिम बंगाल भाजपा ने ‘परिवर्तन यात्रा’ शुरू की है। शाह के अनुसार, इस यात्रा के जरिए कार्यकर्ता प्रदेश के कोने-कोने तक ‘घुसपैठिया-मुक्त बंगाल’ का संदेश पहुंचाएंगे।

राज्यभर में कई स्थानों से निकलेगी यात्रा

नौ स्थानों से प्रस्तावित इस यात्रा की शुरुआत रविवार को चार जगहों से हो चुकी है। बड़ी जनसभाओं के साथ करीब 5,000 किलोमीटर लंबी यह यात्रा राज्य के अलग-अलग हिस्सों से होकर गुजरेगी। सोमवार को बाकी पांच स्थानों से भी इसे हरी झंडी दिखाई जाएगी।

कई वरिष्ठ नेताओं की भागीदारी

इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हावड़ा के आमता में जनसभा के बाद यात्रा की शुरुआत करेंगे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस बर्दमान के हासन क्षेत्र में कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती भी मौजूद रहेंगे। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान उत्तर 24 परगना के संदेशखाली से यात्रा को रवाना करेंगे, जबकि भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन उत्तर दिनाजपुर के इस्लामपुर से कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे।

ब्रिगेड मैदान में होगा समापन

रविवार को नितिन नबीन ने कूचबिहार जिले के रासमेला मैदान में जनसभा के बाद यात्रा का पहला चरण शुरू किया था। पार्टी के अनुसार यह यात्रा राज्य की 294 में से 250 विधानसभा सीटों से होकर गुजरेगी। होली के चलते 3 और 4 मार्च को यात्रा अस्थायी रूप से रोकी जाएगी। इसका समापन 15 मार्च को ब्रिगेड मैदान में एक बड़ी रैली के साथ होगा। (इनपुट: आईएएनएस)