केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को गुजरात के भुज में भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित G-7 बॉर्डर आउट पोस्ट पर जवानों से संवाद किया और G-7 एवं G-13 बॉर्डर आउट पोस्ट का लोकार्पण किया। इस दौरान गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, उप-मुख्यमंत्री हर्ष संघवी, केंद्रीय गृह सचिव, आसूचना ब्यूरो (आईबी) के निदेशक, सीमा प्रबंधन सचिव और बीएसएफ के महानिदेशक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
विषम परिस्थितियों में BSF निभा रही सुरक्षा की जिम्मेदारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि बीएसएफ के जवान बेहद कठिन जलवायु और भौगोलिक परिस्थितियों में देश की सीमाओं की सुरक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जवानों को हंसते हुए चेहरों के साथ ड्यूटी निभाते देखकर लगता है कि उनकी तुलना में हमारा काम काफी आसान है। शाह ने कहा कि जब बीएसएफ के जवान नहीं थकते तो बाकी लोगों को भी थकने का अधिकार नहीं है।
माइनस 45 से प्लस 45 डिग्री तक डटे रहते हैं जवान
अमित शाह ने कहा कि बीएसएफ ने स्थापना के बाद से पिछले 60 वर्षों में देश की दो सबसे कठिन सीमाओं की सुरक्षा का दायित्व संभाला है। उन्होंने कहा कि जवानों को -45 डिग्री से लेकर +45 डिग्री से अधिक तापमान तक हर परिस्थिति में काम करना पड़ता है। कच्छ का रेगिस्तान, सर क्रीक और हरामी नाले की दलदली जमीन, राजस्थान के रेत के टीले, कश्मीर की बर्फीली चोटियां और सुंदरबन के जंगल जैसे इलाकों में बीएसएफ लगातार फर्स्ट लाइन ऑफ डिफेंस की भूमिका निभा रही है।
2000 से अधिक जवानों के बलिदान को किया नमन
गृह मंत्री ने कहा कि बीते छह दशकों में बीएसएफ के 2000 से अधिक जवानों ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है। इसी कारण देश की 140 करोड़ जनता बीएसएफ के प्रति सम्मान का भाव रखती है और खुद को सुरक्षित महसूस करती है।
बीएसएफ के पराक्रम को जनता तक पहुंचाने के लिए बना केंद्र
अमित शाह ने बताया कि बनासकांठा में एक विशेष केंद्र बनाया गया है, ताकि आम लोग बीएसएफ जवानों की कठिन ड्यूटी को समझ सकें। उन्होंने कहा कि पिछले एक महीने में लगभग 2.5 लाख लोग इस केंद्र का दौरा कर चुके हैं। शाह ने बताया कि फीडबैक फॉर्म में कई महिलाओं ने लिखा कि अगर उनके बच्चे बड़े होकर बीएसएफ में जाएं तो उन्हें गर्व होगा।
सर क्रीक और हरामी नाला क्षेत्र को बनाया जा रहा अभेद्य
गृह मंत्री ने कहा कि जब उन्होंने गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाली थी, तब समीक्षा में पाया गया कि हरामी नाला और सर क्रीक क्षेत्र सुरक्षा की दृष्टि से कमजोर थे। इसके बाद सरकार ने वॉच टावर, कनेक्टिंग रोड, पेयजल, मेडिकल सुविधाएं, आवास और नई फेंसिंग जैसे कार्य शुरू किए। उन्होंने कहा कि अगले दो वर्षों में यह पूरा क्षेत्र दुश्मनों की नजर से पूरी तरह सुरक्षित हो जाएगा।
‘लीक-प्रूफ सुरक्षा ग्रिड’ बनाने पर जोर
अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार जवानों की सुविधाएं बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बजट की चिंता किए बिना आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। वॉच टावरों का निर्माण किया गया है और पूरे बीओपी क्षेत्र को ग्राउंड लेवल से ऊपर उठाया गया है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हुई है।
‘चतुष्कोणीय सुरक्षा ग्रिड’ का नया कॉन्सेप्ट
गृह मंत्री ने कहा कि बीएसएफ के 60वें स्थापना वर्ष में सीमा सुरक्षा की अवधारणा को बदलने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि अब ‘बॉर्डर सुरक्षा’ की जगह ‘टेरिटोरियल सुरक्षा’ के नए मॉडल पर काम होगा। इस ‘चतुष्कोणीय सुरक्षा ग्रिड’ में जनता, सिविल प्रशासन, स्थानीय पुलिस, सेना और बीएसएफ मिलकर काम करेंगे।
ड्रोन और रडार से मजबूत होगी सीमा सुरक्षा
अमित शाह ने कहा कि स्मार्ट बॉर्डर सिक्युरिटी प्रोजेक्ट के तहत हजारों करोड़ रुपए का निवेश किया जा रहा है। ड्रोन, रडार, वॉच टावर और अत्याधुनिक तकनीक के जरिए ऐसा सुरक्षा घेरा बनाया जा रहा है कि कोई भी भारत की सीमा को भेदने की हिम्मत नहीं कर सकेगा।
बंगाल में फेंसिंग के लिए जमीन मिलने का किया जिक्र
गृह मंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में बॉर्डर फेंसिंग अधूरी होना सुरक्षा ग्रिड की बड़ी कमी थी। उन्होंने कहा कि अब राज्य में उनकी पार्टी की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री ने एक सप्ताह के भीतर ही फेंसिंग के लिए जमीन देने का सैद्धांतिक फैसला कर दिया है और कुछ जमीन उपलब्ध भी कराई गई है। शाह ने कहा कि फेंसिंग पूरी होने के बाद घुसपैठ रोकने में बड़ी सफलता मिलेगी।
तकनीकी फेंसिंग से रोकी जाएगी घुसपैठ
उन्होंने कहा कि जंगलों और नदी-नालों के रास्ते होने वाली घुसपैठ रोकने के लिए तकनीकी फेंसिंग का काम तेजी से किया जा रहा है। आने वाले समय में बीएसएफ जवानों के साहस, पराक्रम और कर्तव्यनिष्ठा के कारण पूरा बॉर्डर और अधिक सुरक्षित होगा।
बीएसएफ जवानों के जज्बे को देश का सलाम
अंत में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि पूरा देश बीएसएफ जवानों के जज्बे को सलाम करता है। उन्होंने कहा कि जवानों की बदौलत गुजरात के सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा बनी हुई है। (इनपुट: पीआईबी)


