केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के अध्यक्ष रवि लामिछाने के नेतृत्व वाले नेपाली प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने भारत और नेपाल के विशेष संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने तथा विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।
आरएसपी की चुनावी सफलता पर दी बधाई
गृह मंत्री अमित शाह ने चुनावों में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) की सफलता पर रवि लामिछाने को बधाई दी। उन्होंने नई सरकार की सफलता और नेपाल की निरंतर प्रगति के लिए भारत की ओर से शुभकामनाएं भी व्यक्त कीं।
भारत-नेपाल संबंधों को मजबूत करने पर सहमति
बैठक में दोनों पक्षों ने भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और जन-जन के रिश्तों को और मजबूत बनाने के लिए मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर संवाद और सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया।
गृह मंत्रालय ने दी जानकारी
केंद्रीय मंत्री अमित शाह कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर बताया कि नई दिल्ली में आयोजित इस बैठक में अमित शाह और रवि लामिछाने के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल के बीच सार्थक चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने भारत-नेपाल संबंधों को और सुदृढ़ बनाने के लिए मिलकर काम करने का दृढ़ संकल्प व्यक्त किया। (इनपुट: पीआईबी)


