नई दिल्ली में आयोजित ‘इंडिया एआई इंपैक्ट समिट 2026’ को लेकर अर्जेंटीना ने भारत को बधाई दी है और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर जोर दिया है। भारत में अर्जेंटीना के राजदूत मारियानो काउचीनो ने कहा कि एआई के क्षेत्र में भारत और अर्जेंटीना के बीच सार्वजनिक और निजी दोनों स्तर पर साझेदारी के बड़े अवसर मौजूद हैं।
राजदूत ने कहा कि आज दुनिया भर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सबसे महत्वपूर्ण विषयों में से एक बन चुका है। ऐसे समय में भारत द्वारा इस वैश्विक सम्मेलन की मेजबानी करना एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह समिट तेजी से बदलती एआई तकनीक को समझने का महत्वपूर्ण मंच है।
काउचीनो ने बताया कि अर्जेंटीना के कई प्रांतों के प्रतिनिधिमंडल इस समिट में शामिल हुए, ताकि वे एआई क्षेत्र में हो रहे विकास को करीब से समझ सकें। उन्होंने इस आयोजन को भारत सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया।
राजदूत ने कहा कि अर्जेंटीना अपनी अर्थव्यवस्था को स्थिर और आधुनिक बनाने की दिशा में काम कर रहा है और एआई इस प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि नई तकनीक के लाभों के साथ संभावित जोखिमों को समझना भी जरूरी है।
स्टार्टअप सहयोग के सवाल पर उन्होंने सकारात्मक रुख दिखाया। उन्होंने कहा कि दूतावास स्तर पर बैठकें आयोजित की जा रही हैं और निजी क्षेत्र के बीच ठोस साझेदारी की संभावनाएं जल्द सामने आ सकती हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत और अर्जेंटीना के बीच आर्थिक संबंध पहले से मजबूत हैं और भारत अर्जेंटीना के प्रमुख व्यापारिक साझेदारों में से एक है। भविष्य में तकनीक और नवाचार जैसे नए क्षेत्रों में सहयोग बढ़ने की उम्मीद है।
राजदूत के बयान से स्पष्ट है कि भारत एआई क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है और अन्य देश भी इस क्षेत्र में भारत के साथ साझेदारी के इच्छुक हैं।
-(इनपुटःएजेंसी)


