भारत की शीतल देवी और तोमर कुमार ने आइची-नागोया में खेले जा रहे एशियन पैरा गेम्स 2026 में गुरुवार को कंपाउंड मिक्स्ड टीम स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीत लिया। भारतीय जोड़ी ने फाइनल में इंडोनेशिया की जोड़ी को 151-148 से हराकर शीर्ष स्थान हासिल किया। मौजूदा पैरा एशियन गेम्स में तीरंदाजी में भारत का यह पहला गोल्ड मेडल है।
इंडोनेशियाई जोड़ी को हराकर जीता गोल्ड
शीतल देवी और तोमर कुमार ने फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए इंडोनेशियाई जोड़ी को तीन अंकों के अंतर से मात दी। भारतीय तीरंदाजों ने दबाव के बीच सटीक निशाने लगाए और 151-148 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
शीतल का गेम्स में दूसरा मेडल
आइची-नागोया गेम्स में शीतल देवी का यह दूसरा मेडल है। इससे पहले उन्होंने पायल नाग के साथ पैरा कंपाउंड महिला डबल्स स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता था। लगातार शानदार प्रदर्शन के साथ शीतल ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित की है।
मिक्स्ड टीम क्वालीफिकेशन में बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
ओकाजाकी में रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन के बीच शीतल और तोमर कुमार की जोड़ी ने कंपाउंड मिक्स्ड टीम क्वालीफिकेशन में 1,402 अंक हासिल कर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। इस प्रदर्शन के साथ भारतीय जोड़ी ने अपने ही 1,400 अंकों के पिछले विश्व रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। 18 वर्षीय शीतल ने व्यक्तिगत प्रदर्शन में संभावित 720 में से 704 अंक हासिल किए। यह स्कोर तुर्किये की ओजनूर क्युरे गिरडी के विश्व रिकॉर्ड के बराबर है।
शीतल ने अपने एशियन रिकॉर्ड में किया सुधार
शीतल ने मार्च में बैंकॉक में बनाए गए अपने 698 अंकों के एशियन रिकॉर्ड में छह अंकों का सुधार किया। इसके साथ ही उन्होंने एशियन पैरा गेम्स का रिकॉर्ड 680 से बढ़ाकर 704 अंक कर दिया। मौजूदा विश्व चैंपियन और दुनिया की नंबर एक खिलाड़ियों में शामिल शीतल ने अपने प्रदर्शन से भारतीय तीरंदाजी की ताकत दिखाई।
महिला डबल्स में भी बनाया रिकॉर्ड
शीतल ने सोमवार को कंपाउंड महिला क्वालीफिकेशन में विश्व रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए अपने अभियान की शानदार शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने पायल नाग के साथ महिला डबल्स क्वालीफिकेशन में हिस्सा लिया। दोनों भारतीय खिलाड़ियों ने कुल 1,379 अंक हासिल किए, जिससे नया एशियन रिकॉर्ड और गेम्स रिकॉर्ड बना। पायल ने इसमें 675 अंकों का योगदान दिया। इस प्रदर्शन के दम पर भारतीय जोड़ी महिला डबल्स रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंची।
पैरालिंपिक में भी जीत चुकी हैं ब्रॉन्ज
शीतल देवी ने हांगझोऊ में 2023 एशियन पैरा गेम्स में महिला कंपाउंड इंडिविजुअल स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता था। इसके बाद उन्होंने 2024 पेरिस पैरालिंपिक में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। विश्व चैंपियन का खिताब जीत चुकी शीतल ने कम उम्र में ही पैरा तीरंदाजी के शीर्ष खिलाड़ियों में अपनी जगह बना ली है। (इनपुट: आईएएनएस)


